प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

हरियाणा स्टेट पी.सी.एस.

  • 09 Apr 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
हरियाणा Switch to English

इथियोपियाई निवेश आयोग ने हरियाणा के साथ सहयोग के लिये किये हस्ताक्षर

चर्चा में क्यों?

हाल ही में हरियाणा के मुख्यमंत्री राज्य के विदेश सहयोग विभाग द्वारा ‘हरियाणा-इथियोपिया निवेश आयोग’ (ईआईसी) की दो दिवसीय बैठक गुरुग्राम और चंडीगढ़ में आयोजित की गई। इस अवसर पर हरियाणा राज्य और इथियोपिया के बीच सहयोग की रूपरेखा पर हस्ताक्षर किये गए।

प्रमुख बिंदु

  • इस बैठक में हरियाणा राज्य और ईआईसी, इथियोपिया के बीच सहयोग की रूपरेखा पर हरियाणा के विदेश सहयोग विभाग के प्रधान सचिव योगेंद्र चौधरी व इथियोपिया की राजदूत डॉ. तिजीता मुलुगेटा ने हस्ताक्षर किये।
  • पहले दिन 6 अप्रैल, 2022 को गुरुग्राम में ‘इथियोपिया निवेश आयोग’ के एचई डेनियल टेरेसा के नेतृत्व में सात सदस्यीय इथियोपियाई प्रतिनिधिमंडल ने कपड़ा और परिधान के क्षेत्र में हरियाणा के व्यापार प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक बातचीत की। इसके बाद 7 अप्रैल, 2022 को चंडीगढ़ में प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत में इथियोपिया की राजदूत डॉ. तिजीता मुलुगेटा भी शामिल हुईं। मुलुगेटा ने हरियाणा और इथियोपिया के बीच व्यापार, निवेश तथा सांस्कृतिक संबंध बनाने के लिये अथक प्रयास करने के लिये हरियाणा सरकार की सराहना की। 
  • इस बैठक का प्राथमिक उद्देश्य हरियाणा और इथियोपिया लोकतांत्रिक गणराज्य के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को मज़बूत करना था।
  • विदेश सहयोग विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि विभाग द्वारा अक्टूबर 2021 में विदेश मंत्रालय के परामर्श से ‘हरियाणा-अफ्रीका कॉन्क्लेव, सीरीज़-1’ आयोजित करने के लिये एक अग्रणी पहल की जा चुकी है।
  • इस कॉन्क्लेव में इथियोपिया सहित अफ्रीकी महाद्वीप के बारह देशों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
  • इस अवसर पर हरियाणा सरकार के गण्यमान्य व्यक्तियों, हरियाणा के फार्मास्युटिकल, कृषि-प्रसंस्करण और कपड़ा क्षेत्रों के व्यवसायी व निर्यातकों की भागीदारी रही।

हरियाणा Switch to English

हरियाणा देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले टॉप 3 राज्यों में हुआ शामिल

चर्चा में क्यों?

8 अप्रैल, 2022 को हरियाणा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने बताया कि हरियाणा ने ‘हर घर नल से जल’ मिशन के टारगेट को पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ हरियाणा इस मिशन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 3 टॉप राज्यों में स्थान हासिल किया है।

प्रमुख बिंदु

  • हालाँकि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2024 तक यह लक्ष्य पूरा करने का समय निर्धारित किया गया था, परंतु हरियाणा सरकार के प्रयासों के चलते राज्य में दो वर्ष पहले ही वर्ष 2022 में 100 प्रतिशत घरों में नल से जल पहुँचा दिया है।
  • उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के ग्रामीण क्षेत्र के हर घर में नल से स्वच्छ जल सुनिश्चित करके लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिये अगस्त 2019 में जल जीवन मिशन की घोषणा की थी। हरियाणा में भी गाँवों के हर घर में नल से जल की आपूर्ति का प्रावधान करने के लिये इस मिशन को लागू किया गया।
  • इस मिशन से महिलाओं को सिर पर रखकर दूर से जल लाने की मेहनत के भारी बोझ से मुक्त करने का निरंतर प्रयास किया गया।
  • हरियाणा में जल जीवन मिशन वर्ष 2019 में ही शुरू कर दिया गया था, उस समय प्रदेश में कुल 30.96 लाख कनेक्शनों में से 17.66 लाख कनेक्शन पहले ही प्रदान किये जा चुके थे। हरियाणा ने 1 नवंबर, 2021 को महेंद्रगढ़, पलवल, नूंह और जींद के अलावा अन्य 18 ज़िलों में नल कनेक्शन का 100 प्रतिशत कवरेज हासिल कर लिया था।
  • अब शेष 4 ज़िलों- महेंद्रगढ़, पलवल, नूँह तथा जींद में भी 1.41 लाख नल कनेक्शन प्रदान कर शत प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन देने का रिकॉर्ड बना लिया है।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow