प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 08 Dec 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
मध्य प्रदेश Switch to English

मध्य प्रदेश को वन्यजीव पर्यटन के लिये मिला ‘सैंक्चुअरी एशिया अवॉर्ड’

चर्चा में क्यों?

6 दिसंबर, 2023 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में मध्य प्रदेश टूरिज़्म बोर्ड को टॉफ टाइगर्स वाइल्डलाइफ टूरिज़्म अवॉर्ड्स में ‘सर्वश्रेष्ठ सतत् वन्यजीव पर्यटन राज्य’ (द बेस्ट सस्टेनेबल वाइल्डलाइफ टूरिज़्म स्टेट) के लिये ‘सैंक्चुअरी एशिया अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • मध्य प्रदेश को भारतीय उपमहाद्वीप में प्रकृति, पर्यटन, उद्योग, सतत् प्रथाओं और रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये पुरस्कृत किया गया है। टूरिज़्म बोर्ड की ओर से यह पुरस्कार उप-संचालक युवराज पडोले ने ग्रहण किया।
  • समारोह में मध्य प्रदेश पर्यटन द्वारा प्रदेश के विभिन्न पर्यटन गंतव्यों एवं उत्पादों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन के माध्मय से मध्य प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक, प्राकृतिक, आध्यात्मिक, लोक एवं शिल्प कला एवं वन्यजीव पर्यटन पर आधारित जानकारी साझा की गई। अतुल्य भारत के दिल ‘मध्य प्रदेश’ को घूमने के लिये एक आकर्षक एवं आदर्श गंतव्य के रूप में चित्रित किया गया।
  • प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज़्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का टाइगर स्टेट है और दुनिया से टाइगर्स को देखने के लिये पर्यटक यहाँ के राष्ट्रीय उद्यानों में पहुँचते हैँ। प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिये वन्य क्षेत्रों के आस-पास ईको-फ्रेंडली होमस्टे, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यटकों में जागरूकता लाने जैसे विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं।
  • विदित हो कि मध्य प्रदेश वन्यजीवों की दृष्टि से एक संपन्न राज्य है। 12 राष्ट्रीय उद्यानों और 24 वन्यजीव अभ्यारण्यों के साथ, विभिन्न पौधों, जानवरों और पक्षियों जैसे प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है।
  • देश में सर्वाधिक टाइगर्स मध्य प्रदेश में होने के कारण ‘टाइगर स्टेट ऑफ इंडिया’ होने का गौरव प्राप्त है। मध्य प्रदेश में वर्तमान में 785 टाइगर हैं। इसके साथ ही प्रदेश को ‘लेपर्ड स्टेट’ और ‘घड़ियाल स्टेट’ का भी गौरव प्राप्त है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के आगमन से प्रदेश को ‘चीता स्टेट’ के रूप में मान्यता मिली है।


उत्तराखंड Switch to English

उत्तराखंड में अब स्कूली बच्चों को आधार की तरह जारी होगा परमानेंट एजुकेशन नंबर

चर्चा में क्यों?

6 दिसंबर, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड में अब स्कूली बच्चों को आधार की तरह परमानेंट एजुकेशन नंबर जारी किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • वर्तमान में कक्षा 9 और कक्षा 11वीं में बच्चों को स्कूल में पंजीकरण करना होता है।
  • लेकिन, यूडाईज पोर्टल अपडेट होने के बाद कक्षा एक से ही बच्चे को एक परमानेंट एजुकेशन नंबर जारी कर दिया जाएगा, जो 12वीं तक मान्य रहेगा।
  • भविष्य में किसी भी स्कूल से बच्चों की गलत या फर्जी टीसी जारी न हो, इसके लिये परमानेंट एजुकेशन नंबर (पीईएन) के आधार पर ही बच्चों को टीसी जारी की जाएगी।
  • पोर्टल में न सिर्फ बच्चों, बल्कि स्कूल व शिक्षकों का डाटा भी उपलब्ध कराना होगा।
  • पोर्टल में शिक्षकों का डाटा अपलोड होने के बाद एक शिक्षक सिर्फ एक ही स्कूल में पढ़ा सकेगा। जबकि, विद्यार्थियों से जुड़ी सभी जानकारी इस पोर्टल पर स्कूल ही अपलोड करेगा।


हरियाणा Switch to English

मुख्यमंत्री ने रोहतक में भारत के पहले एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ 3.8 किमी. लंबी नई सड़क के निर्माण को दी मंज़ूरी

चर्चा में क्यों?

6 दिसंबर, 2023 को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में कनेक्टिविटी और ढाँचागत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए रोहतक ज़िले में 315 करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ-साथ एक नई सड़क के निर्माण के लिये 21.27 करोड़ रुपए की प्रशासनिक मंज़ूरी दी है।

प्रमुख बिंदु

  • एक सरकारी प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह 3790 मीटर लंबाई और 5.5 मीटर चौड़ाई वाली महत्त्वाकांक्षी परियोजना 9 महीने में पूरी हो जाएगी और रोहतक के निवासियों के लिये निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
  • रोहतक की चिन्योट कॉलोनी से शुरू होकर सेक्टर-6 तक जाने वाली इस नई सड़क से 50,000 से अधिक लोगों को लाभ होगा।
  • यह गांधी कैंप, झंग कॉलोनी, मानसरोवर कॉलोनी, सुभाष नगर, किशनपुरा, मॉडल टाउन, लक्ष्मी नगर, कबीर कॉलोनी, विशाल नगर, सेक्टर-5 और सेक्टर-6 सहित विभिन्न कॉलोनियों को आपस में जोड़ेगा।
  • विदित हो कि रोहतक में 3.8 किमी. लंबा एलिवेटेड ट्रैक भारत का पहला ट्रैक था, जिसे रेल मंत्रालय द्वारा 315 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया था, जिसमें से 225 करोड़ रुपए राज्य के हिस्से से दिये गए थे।


बिहार Switch to English

बिहार के अभय कुमार का तीसरी बार गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज

चर्चा में क्यों?

6 दिसंबर, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के वैशाली ज़िले में देसरी प्रखंड के गाजीपुर निवासी अभय कुमार ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए तीसरी बार अपना नाम गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करवाया है।

प्रमुख बिंदु

  • रिकॉर्ड की सफलता के बाद गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अभय कुमार को सर्टिफिकेट प्रदान किया। इसके अलावा उन्हें गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड न्यूज के लिये भी चुना गया।
  • इसके लिये उन्होंने कंप्यूटर द्वारा रेंडमाइज किये हुए 10 हज़ार वर्षों के 19 कैलेंडर तिथियों का जवाब 1 मिनट में देकर अपने द्वारा ही बनाए गए 1 मिनट में 10 हज़ार वर्षों के 16 कैलेंडर तिथियों के जवाब देने का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया।
  • इससे पहले भी अभय कुमार ने विभिन्न 91 देशों के पासपोर्ट को 1 मिनट में पहचान कर रिकॉर्ड बनाया है।
  • अभय छात्रों के मेमोरी पॉवर ‘स्मृति सुधार’ को बढ़ाने तथा विषयों के तथ्यों को कम समय पर याद करने एवं ज्यादा समय तक याद रख पाने के लिये विशेष तकनीकों को ऐप-एस्पिरेंट जेट एवं एस्पिरेंट जेट डॉट कॉम वेबसाइट के माध्यम से कक्षा-5 से विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रशिक्षण देते हैं।
  • अभय कुमार स्कूल-कॉलेजों के आमंत्रण पर सेमिनार में भाग भी लेते हैं। अभय के मुताबिक उनका लक्ष्य है, 2030 तक सभी माध्यमों से 10 लाख से अधिक लोगों को प्रशिक्षित मेमोरी और पढ़ाई तकनीक में प्रशिक्षण प्रदान करना है।


उत्तर प्रदेश Switch to English

विश्व आर्थिक मंच की बैठक में उत्तर प्रदेश को आमंत्रण

चर्चा में क्यों?

6 दिसंबर, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार स्विट्जरलैंड के दावोस में 15 से 19 जनवरी तक आयोजित विश्व आर्थिक मंच की बैठक में उत्तर प्रदेश को भी आमंत्रित किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • जानकारी के अनुसार दावोस में होने वाली बैठक में हिस्सा लेने के लिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल नामित किया है। प्रतिनिधिमंडल में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के अलावा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव अमित सिंह शामिल हैं।
  • विदित हो कि जब योगी आदित्यनाथ विश्व आर्थिक मंच-2023 की बैठक में हिस्सा लेने के लिये दावोस जाएंगे, तो वह ऐसा करने वाले उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बन जाएंगे।
  • सम्मेलन में शामिल होने जा रहे मंत्री और अधिकारी वैश्विक मंच पर लगभग साढ़े छह साल में प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास की तेज रफ्तार का मॉडल पेश करेंगे।
  • प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश में निवेश के लिये बने नए सकारात्मक माहौल की जानकारी देंगे, ताकि दुनियाभर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित किया जा सके।


झारखंड Switch to English

एल. खियांग्ते बने झारखंड के नए मुख्य सचिव

चर्चा में क्यों?

7 दिसंबर, 2023 को झारखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एल. खियांग्ते ने झारखंड के नए मुख्य सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया है।

प्रमुख बिंदु

  • एल. खियांग्ते झारखंड के 24वें मुख्य सचिव बने हैं। खियांग्ते ने सुखदेव सिंह का स्थान लिया है। सुखदेव सिंह को श्रीकृष्ण इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन का महानिदेशक बनाया गया है।
  • खियांग्ते 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। इसके पहले वह श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान के महानिदेशक के पद पर थे।
  • खियांग्ते 31 अक्टूबर, 2024 को सेवानिवृत्त होंगे।


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2