प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 08 Nov 2021
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर में उत्तर प्रदेश ने बनाया रिकॉर्ड

चर्चा में क्यों?

7 नवंबर, 2021 को राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के तहत राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 2.75 लाख करोड़ रुपए का वितरण कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।

प्रमुख बिंदु

  • प्रवक्ता के अनुसार राज्य सरकार द्वारा 27 विभागों की 137 योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में 2.75 लाख करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई, जैसे-
    • 2020 में अप्रत्याशित कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान लाखों किसानों, नरेगा श्रमिकों, अन्य राज्यों के मज़दूरों, महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों और पेंशनभोगियों के खातों में सीधे पैसा भेजा गया।
    • उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के 86 लाख छोटे सीमांत किसानों के 36,000 करोड़ रुपए के कर्ज़ माफ किये और राशि को डीबीटी के माध्यम से स्थानांतरित किया गया।
    • पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 2.54 करोड़ से ज़्यादा किसानों के खातों में डीबीटी के ज़रिये 27,521 करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं।
    • 6 नवंबर, 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों के अभिभावकों के खाते में यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते और स्कूल बैग खरीदने के लिये 1100 रुपए ट्रांसफर किये गए। इस योजना से प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों को लाभ होगा।
  • उल्लेखनीय है कि डीबीटी भारत सरकार द्वारा 1 जनवरी, 2013 को सरकारी वितरण प्रणाली में सुधार के तरीके के रूप में शुरू की गई एक पहल है।

बिहार Switch to English

6वाँ अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन

चर्चा में क्यों?

7 नवंबर, 2021 को बिहार के नालंदा ज़िले के राजगीर में अवस्थित नालंदा विश्वविद्यालय में 6वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के द्वारा किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • 7 से 9 नवंबर, 2021 तक चलने वाले इस सम्मेलन का आयोजन नालंदा विश्वविद्यालय में नालंदा विश्वविद्यालय एवं इंडिया फाउंडेशन के द्वारा किया जा रहा है।
  • इस सम्मेलन की थीम है- ‘कोविड संक्रमण के बाद विश्वव्यवस्था के निर्माण में धर्म-धम्म परंपराएँ’।
  • इस सम्मेलन का उद्देश्य उभरती हुई नई विश्वव्यवस्था के लिये एक दार्शनिक ढाँचे के निर्माण पर विचार करने हेतु धर्म-धम्म परंपराओं के धार्मिक, राजनीतिक और विचारशील नेताओं को एक साथ लाना है।
  • उपराष्ट्रपति ने कहा कि ‘शेयर एंड केयर’ भारतीय दर्शन का मूल तत्त्व है तथा भारत विजेता बनने को नहीं, बल्कि ज्ञान बाँटने को लेकर विश्व गुरु बना था, जिसमें प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय की महत्त्वपूर्ण भूमिका थी।
  • विदित हो कि प्रथम अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का आयोजन 22-23 सितंबर, 2012 को साँची विश्वविद्यालय (मध्य प्रदेश) में किया गया था। वहीं 5वें सम्मेलन का आयोजन 27-28 जुलाई, 2019 को राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में किया गया था।
  • विदित हो कि प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय की स्थापना गुप्त शासक कुमारगुप्त के द्वारा की गई थी, जिसका बख्तियार खिलज़ी नामक आक्रमणकारी द्वारा विध्वंस करा दिया गया था। वर्तमान में नालंदा ज़िले में इसका भग्नावशेष स्थित है।

राजस्थान Switch to English

660 मेगावाट की छबड़ा सुपर क्रिटिकल इकाई में विद्युत उत्पादन आरंभ

चर्चा में क्यों?

6 नवंबर, 2021 को राजस्थान के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एनर्जी) डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि 660 मेगावाट के छबड़ा सुपर क्रिटिकल तापीय विद्युतगृह में विद्युत उत्पादन आरंभ हो गया है।

प्रमुख बिंदु

  • छबड़ा सुपर क्रिटिकल तापीय विद्युतगृह में सालाना शटडाउन के चलते विद्युत उत्पादन नहीं हो पा रहा था। 
  • डॉ. अग्रवाल ने बताया कि 5 नवंबर को पहली बार कोल इंडिया व विद्युत विभाग की कोल माइंस, दोनों से मिलाकर कोयले की 21 रैक डिस्पैच कराने में सफलता मिली है। राज्य सरकार के कोल ब्लॉक पीकेसीएल से कोयले की 11 रैक डिस्पैच हुई हैं, वहीं कोल इंडिया की अनुषंगी इकाई एनसीएल से 4 और एसईसीएल से 6 रैक डिस्पैच कराई गईं।
  • उन्होंने बताया कि राज्य की बंद तापीय इकाइयों में प्राथमिकता से विद्युत उत्पादन शुरू किया जा रहा है, वहीं कोयले की उपलब्धता बढ़ाने के लिये समन्वित प्रयास किये जा रहे हैं। देशव्यापी कोयला संकट के दौरान प्रदेश में 2600 मेगावाट से अधिक की बंद इकाइयों में बिजली का उत्पादन शुरू किया गया है। 
  • इससे पहले अक्टूबर माह में राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के सूरतगढ़, कालीसिंध और कोटा तापीयगृह की 2000 से अधिक मेगावाट की 6 इकाइयों में विद्युत उत्पादन शुरू किया गया है।

मध्य प्रदेश Switch to English

मध्य प्रदेश की शिवानी ने अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती स्पर्धा में जीता रजत पदक

चर्चा में क्यों?

1 से 7 नवंबर, 2021 तक सर्बिया गणराज्य में संपन्न अंतर्राष्ट्रीय महिला कुश्ती चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा ज़िले के ग्राम उमरेठ की निवासी सुश्री शिवानी ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता है।

प्रमुख बिंदु 

  • इस चैंपियनशिप में भारत से 30 खिलाड़ियों और मध्य प्रदेश से एकमात्र खिलाड़ी शिवानी ने हिस्सा लिया था। 
  • इसके पहले उन्होंने सितंबर माह में अमेठी में संपन्न राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था। 
  • अंडर 23 चैंपियनशिप में जगह बनाने वाली मध्य प्रदेश की यह दंगल गर्ल दिल्ली में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

मध्य प्रदेश Switch to English

एम्स भोपाल में ऑक्सीजन जनरेटिंग प्लांट का उद्घाटन

चर्चा में क्यों?

7 नवंबर, 2021 को मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग एवं एम्स, भोपाल के अध्यक्ष प्रो. डॉ. वाई.के. गुप्ता  ने एम्स में पीएसए प्लांट (ऑक्सीजन जनरेटिंग प्लांट) का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु 

  • सीएसआर स्कीम में यह प्लांट कोल इंडिया की सहायता से स्थापित किया गया है। ऑक्सीजन जनरेटिंग प्लांट वातावरण की हवा से ऑक्सीजन का उत्पादन करता है।
  • प्लांट 1000 लीटर क्षमता का है, जो ट्रॉमा सेंटर और इमरजेंसी ब्लॉक को ऑक्सीजन की आपूर्ति करेगा तथा 300 बेड पर मरीज़ इससे लाभान्वित होंगे।
  • इस प्लांट से एम्स, भोपाल में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पर निर्भरता कम होगी। अब एम्स, भोपाल में ऑक्सीजन सिलेंडर, मेनीफोल्ड, 30 केएल का लिक्विड मेडिकल टैंक तथा पीएसए प्लांट और 150 से ज़्यादा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स जैसे ऑक्सीजन संसाधनों के सभी अलग-अलग तौर-तरीके उपलब्ध होंगे।

मध्य प्रदेश Switch to English

426 मुख्यमंत्री बाढ़ राहत आवासों का वर्चुअल लोकार्पण

चर्चा में क्यों?

6 नवंबर, 2021 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी तहसील के 40 ग्रामों में मुख्यमंत्री बाढ़ राहत आवास योजना से निर्मित 400 से अधिक आवासों का ग्राम सोमलवाड़ा से शुभारंभ कर हितग्राहियों को वर्चुअल गृह प्रवेश करवाया।

प्रमुख बिंदु 

  • गौरतलब है कि बुधनी के करीब 40 गाँव गत वर्ष बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए थे। इन गाँवों में मुख्यमंत्री राहत आवास योजना में 626 आवास स्वीकृत किये गए थे, जिनमें से 400 से अधिक आवासों का शुभारंभ कर हितग्राहियों को गृह प्रवेश करवाया गया।
  • सोमलवाड़ा में हुए गृह प्रवेश कार्यक्रम में अनेकों गाँव वर्चुअली शामिल हुए। प्रत्येक आवास के लिये मुख्यमंत्री राहत के रूप में 95 हज़ार रुपए, शौचालय निर्माण के लिये 17 हज़ार रुपए और मनरेगा से 90 दिन का रोज़गार भी दिया गया था।
  • मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर सोमलवाड़ा में मिनी आँगनबाड़ी और स्कूल भवन के निर्माण के साथ नांदमेर से सोमलवाड़ा तक 6 गाँव को जोड़ने वाले मार्ग तथा पुल निर्माण की घोषणा की।
  • मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि गाँव के उत्पादों और हुनर को अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिये महिलाओं के स्व-सहायता समूह को प्रशिक्षण देने के साथ बैंक से वित्तीय मदद उपलब्ध कराई जाएगी तथा उत्पादों के क्लस्टर बनाकर मार्केट भी उपलब्ध करवाया जाएगा। 
  • इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ज़िला कलेक्टर को सोमलवाड़ा सहित अन्य सभी गाँवों में महिला स्व-सहायता समूहों को बैंक से ऋण और प्रशिक्षण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

झारखंड Switch to English

एकल अभिनय (मोनो एक्ट) प्रतियोगिता

चर्चा में क्यों?

7 नवंबर, 2021 को झारखंड फिल्म एंड थिएटर एकेडमी (JFTA) के मिनी सभागार में एकल अभिनय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस प्रतियोगिता में कलाकारों द्वारा ‘कोरोना की मार, ऊपर से पेट्रोल-डीज़ल का वार’ विषय पर एकल अभिनय प्रस्तुत किया गया।
  • निर्णायक मंडली में शामिल फिल्मकार पुरुषोत्तम कुमार और रंगकर्मी अशोक गोप के द्वारा विजेताओं का चयन किया गया।
  • इस प्रतियोगिता की विजेता निशा गुप्ता रहीं, वहीं आयुष शर्मा को द्वितीय पुरस्कार एवं अभिषेक राय को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। नायरा शगुन एवं शाहबाज को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

छत्तीसगढ़ Switch to English

राज्यपाल को झीरम घाटी जाँच आयोग की रिपोर्ट सौंपी गई

चर्चा में क्यों?

6 नवंबर, 2021 को राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके को झीरम घाटी जाँच आयोग की रिपोर्ट सौंपी गई। यह रिपोर्ट आयोग के सचिव एवं छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार (न्यायिक) संतोष कुमार तिवारी ने सौंपी। राज्यपाल को रिपोर्ट सौंपने पर विवाद भी शुरू हो गया है।

प्रमुख बिंदु

  • यह आयोग छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश प्रशांत कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में गठित किया गया था। मिश्रा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी थे तथा वर्तमान में आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं।
  • यह प्रतिवेदन 10 वॉल्यूम और 4,184 पेज में तैयार किया गया है।
  • झीरम घाटी की घटना 25 मई, 2013 को हुई थी। इस घटना की जाँच के लिये आयोग का गठन 28 मई, 2013 को किया गया था। आयोग ने 8 साल बाद अपनी रिपोर्ट राज्यपाल को सौंप दी है।
  • हालाँकि जाँच आयोग द्वारा रिपोर्ट राज्य सरकार को देने की जगह सीधे राज्यपाल को दिये जाने पर विवाद शुरू हो गया है, विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर आयोग द्वारा यह रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपी जानी चाहिए थी, ताकि सरकार की तरफ से इसे सदन में पेश किया जा सके।
  • कॉन्ग्रेस ने रिपोर्ट सौंपने के तरीके पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जब भी किसी न्यायिक आयोग का गठन किया जाता है, तब आयोग अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपता है।
  • उल्लेखनीय है कि बस्तर की झीरम घाटी में नक्सलियों ने 25 मई, 2013 को तत्कालीन कॉन्ग्रेस की परिवर्तन यात्रा के काफिले पर हमला किया था। इस हमले में विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, पूर्व मंत्री व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा सहित करीब 32 अन्य लोग शहीद हो गए थे। इस घटना में पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनका बाद में इलाज़ के दौरान निधन हो गया था।

छत्तीसगढ़ Switch to English

हसदेव बांगो जलविद्युत गृह में रिकॉर्ड उत्पादन

चर्चा में क्यों?

6 नवंबर, 2021 को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हसदेव बांगो जल विद्युत गृह ने अक्टूबर माह में सर्वाधिक 90.10 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन करने का कीर्तिमान स्थापित किया है।

प्रमुख बिंदु

  • यह एक महीने के दौरान अब तक के अधिकतम उत्पादन का रिकॉर्ड है। अक्टूबर में बिजली उत्पादन 100.92 प्रतिशत क्षमता उपयोग कारक (सीयूएफ) रहा। इस दौरान ज़ीरो ट्रिपिंग के साथ शत-प्रतिशत प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (पीएएफ) हासिल किया गया।
  • उल्लेखनीय है कि इससे पहले हसदेव बांगो जल विद्युत गृह ने अगस्त 2020 में 87.743 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था। इस दौरान सीयूएफ 98.278 प्रतिशत था।
  • विद्युत उत्पादन कंपनी के बांगो जल विद्युत गृह की कुल उत्पादन क्षमता 120 मेगावाट है। इसमें 40-40 मेगावाट की तीन इकाइयाँ क्रियाशील हैं।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2