प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

उत्तराखंड स्टेट पी.सी.एस.

  • 07 Nov 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तराखंड Switch to English

मुंबई रोड शो में 30,200 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव पर करार

चर्चा में क्यों? 

6 नवंबर, 2023 को उत्तराखंड में होने वाले वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिये देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में हुए रोड शो में 30,200 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव पर करार हुए। 

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में इमेजिका कंपनी से थीम पार्क एवं रिजॉर्ट में, एसीएमई कंपनी से सौर सेल विनिर्माण में, सीटीआरएल कंपनी से डाटा सेंटर में, लॉसंग अमेरिका से आईटी में, पर्फेटी कंपनी, क्रोमा एटोर कंपनी और क्लीन मैक्स एनवाइरो कंपनी से नवीकरणीय ऊर्जा में, साइनस कंपनी से हेल्थ केयर सेक्टर में निवेश के लिये करार हुआ है।  
  • इसके अलावा जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स, गोदरेज केमिकल्स, एस्टार भोजन, वी अर्जुन लॉजिस्टिक्स पार्क के साथ भी निवेश पर बातचीत हुई। 
  • निवेशक सम्मेलन के लिये उत्तराखंड प्रदेश सरकार अब तक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पाँच और देश में पाँच रोड शो कर चुकी है। इनमें लंदन, बर्मिंघम, अबुधाबी, दिल्ली, चेन्नई, बंगलूरू, अहमदाबाद और मुंबई में रोड शो कर निवेशकों को राज्य में निवेश के लिये प्रोत्साहित किया गया। साथ ही निवेश प्रस्तावों पर एमओयू किया गया। 
  • विदित हो कि प्रदेश सरकार ने निवेशक सम्मेलन के लिये 2.50 लाख करोड़ रुपए का निवेश का लक्ष्य रखा है। आठ व नौ दिसंबर को देहरादून के एफआरआई में प्रस्तावित वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिये रोड शो में अब तक 1,24,200 करोड़ रुपए से अधिक के एमओयू हुए हैं। 
  • गौरतलब है कि प्रदेश में 2018 में हुए पहले निवेशक सम्मेलन में 1.24 लाख करोड़ रुपए के 600 से अधिक प्रस्तावों पर एमओयू हस्ताक्षर हुए थे। लेकिन वर्तमान तक लगभग 30 हज़ार करोड़ रुपए का निवेश ही धरातल पर उतर पाया है। इस बार अब तक 1,24,200 करोड़ रुपए के करार हो चुके हैं।


उत्तराखंड Switch to English

राष्ट्रीय खेल 2023 : उत्तराखंड की झोली में अब तक 17 पदक

चर्चा में क्यों? 

6 नवंबर, 2023 को गोवा में चल रहे 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। इससे उत्तराखंड के पदकों की कुल संख्या 17 हो गई है।  

प्रमुख बिंदु  

  • उत्तराखंड के स्नेहा चौहान ने जूडो 57 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। आर्चरी में डोईवाला देहरादून के कार्तिक राणा ने रजत पदक और जूडो के 78 किलोग्राम वर्ग में उत्तरकाशी की स्नेहा तड़ियाल ने कांस्य पदक जीता। 
  • 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड पदक तालिका में तीन स्वर्ण और तीन रजत पदक सहित 17 पदक लेकर 23वें स्थान पर है। 
  • वहीं उत्तराखंड के पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश को अब तक केवल छह पदक मिले हैं, जिसमें दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक हैं। हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका में 27वें नंबर पर है।


उत्तराखंड Switch to English

उत्तराखंड करेगा असम के साथ सेब का व्यापार

चर्चा में क्यों? 

5 नवंबर, 2023 को उत्तराखंड के कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तरकाशी ज़िले के हर्षिल में उत्पादित सेब का व्यापार असम की मंडियों में किया जाएगा।  

प्रमुख बिंदु  

  • उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने गुवाहाटी दौरे पर उत्तराखंड के सेब को असम तक पहुंच बढ़ाने के लिये मंडी विपणन बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान ये बात कही। 
  • उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी के हर्षिल का सेब कोलकाता तक पहुँचता है। इसे असम की मंडियों में पहुँचाया जा सकता है। यदि असम उत्तराखंड के साथ सेब का व्यापार करता है, तो इसके लिये प्रदेश सरकार सहयोग करने के लिये तैयार है। 
  • कृषि मंत्री गणेश जोशी ने असम राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज बरुआ और मुख्य कार्यकारी अधिकारी तेज प्रसाद भुसाल से असम की फल-सब्जी मंडियों की कार्यप्रणाली और कृषि के क्षेत्र में उर्वरक क्षमताओं, मार्केटिंग, उत्पादन, फसल कटाई के उपरांत प्रबंधन, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी ली।  
  • कृषि मंत्री को असम के अधिकारियों ने बताया कि असम कृषि विपणन बोर्ड में 700 कर्मचारी और 42 बोर्ड के सदस्य हैं। असम के गोलपाड़ा ज़िले के ड्रोंगगिरी क्षेत्र केले का बहुत बड़ा उत्पादक है, जहाँ से देश के कई राज्यों के लिये केले भेजे जाते हैं।


उत्तराखंड Switch to English

24 नवंबर से टिहरी झील में होगा अंतर्राष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल

चर्चा में क्यों? 

5 नवंबर, 2023 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के माध्यम से टिहरी झील में 24 से 28 नवंबर तक अंतर्राष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश दुनिया के पायलट हवा में करतब दिखाएंगे।  

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पर्यटन मानचित्र में टिहरी झील सबसे तेजी से उभरता हुआ नया स्थल है, जहाँ पहली बार अंतर्राष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल का आयोजन हो रहा है।  
  • एक्रो फेस्टिवल में रोमांचकारी प्रतिस्पर्धा करने के लिये 35 अंतर्राष्ट्रीय और 100 भारतीय पायलट भाग लेंगे।  
  • इस आयोजन में एक्रो फ्लाइंग, सिंक्रो फ्लाइंग, विंग सूट फ्लाइंग, डी-बैगिंग जैसे साहसिक प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन के दौरान यूफोरिया, पांडवास जैसे नामी बैंड भी शाम के समय अपनी प्रस्तुति देंगे। 
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डेस्टिनेशन उत्तराखंड को वैश्विक पहचान दिलाने और साहसिक पर्यटन में उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने के लिये राज्य सरकार काम कर रही है। इस दिशा में अंतर्राष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल नए आयाम स्थापित करेगा।

 


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow