प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 06 Nov 2021
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे

चर्चा में क्यों?

  • 5 नवंबर, 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अपने आज़मगढ़ दौरे के दौरान बताया गया कि इसी माह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • गौरतलब है कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश राज्य में निर्माणाधीन 6-लेन एक्सप्रेस वे है, जो गाज़ीपुर शहर को राज्य की राजधानी लखनऊ से जोड़ेगा।
  • इसे उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किया जा रहा है।
  • यह उत्तर प्रदेश के 9 ज़िलों- लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आज़मगढ़, मऊ और गाज़ीपुर से होकर गुज़रेगा। एक्सप्रेस-वे को वाराणसी-गोरखपुर राजमार्ग के साथ एक अलग लिंक सड़क के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
  • इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने बताया कि 13 नवंबर को गृहमंत्री अमित शाह द्वारा आज़मगढ़ ज़िले में बनने वाले राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया जाएगा।

बिहार Switch to English

पटना में कोरोना वैक्सीन लगवाने वाले को मिलेगा इनाम

चर्चा में क्यों?

  • हाल ही में पटना, ज़िला प्रशासन ने लोगों को इनाम देने के माध्यम से कोविड-19 टीकाकरण की रफ्तार तेज़ करने के लिये लकी ड्रॉ आयोजित करने का निर्णय लिया है।

प्रमुख बिंदु

  • कोविड-19 टीके की दूसरी डोज़ को बढ़ावा देने के लिये पटना ज़िला प्रशासन यह ड्रॉ आयोजित कर रहा है।
  • ज़िले के प्रतिभागी 8 नवंबर से 26 नवंबर के बीच कोविड-19 की दूसरी डोज लेकर इस लकी ड्रॉ में शामिल हो सकते हैं।
  • इस लकी ड्रॉ का परिणाम 28 नवंबर, 2021 को घोषित किया जाएगा, जिसके तहत पुरस्कार निम्नवत् हैं-
    • प्रथम पुरस्कार- बजाज पल्सर बाइक/होंडा एक्टिवा
    • द्वितीय पुरस्कार- 32 इंच की एलइडी टीवी
    • तृतीय पुरस्कार- एंड्रॉयड मोबाइल फोन
    • सांत्वना पुरस्कार- प्रेशर कुकर
  • लकी ड्रॉ में शामिल होने के लिये प्रतिभागी को अधिकृत कोविड वैक्सीनेशन केंद्र के माध्यम से टीका लेने के साथ-साथ लकी ड्रा के लिये अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर रजिस्टर कराना होगा तथा वैध पहचान-पत्र के रूप में पासपोर्ट/आधार/पैन/ वोटर आइडी कार्ड/ ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी देनी होगी।

राजस्थान Switch to English

कोटा में चंबल नदी पर रिवर फ्रंट का निर्माण

चर्चा में क्यों?

  • 04 नवंबर, 2021 को दीपावली के अवसर पर राज्य के नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल द्वारा चंबल रिवर फ्रंट के निर्माण में जुटे श्रमिकों के बीच पहुँच कर उन्हें दीपावली की बधाई दी गई तथा चंबल रिवर फ्रंट सामूहिक भोज का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • मध्य प्रदेश में महू के नज़दीक जानापाव पहाड़ी से निकलने वाली चंबल नदी राजस्थान के चित्तौड़गढ़, कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर, करौली एवं धौलपुर आदि ज़िलों से गुज़रती है, जिस पर कोटा में रिवरफ्रंट का निर्माण किया जा रहा है।
  • इसमें विभिन्न तरह के घाट दुनिया भर के पर्यटकों का ध्यान खींचेंगे। सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी का परिचय कराने के लिए यहाँ 20 मीटर के पेडेस्टल पर 42 मीटर ऊँची चंबल माता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह अपनी तरह की पहली प्रतिमा होगी।
  • कोटा बैराज के पास मैसूर के वृंदावन गार्डन की तर्ज़ पर आधुनिक तकनीक से बनने वाले गार्डन में विश्वस्तरीय फाउंटेन शो का निर्माण किया जा रहा है, जिसका व्यास 40 मीटर होगा।
  • उद्यान के पूर्वी छोर पर संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है, जहाँ रिवरफ्रंट के मॉडल प्रदर्शन के साथ कोटा के विकास की गाथा और कला संस्कृति की झलक दिखेगी।

मध्य प्रदेश Switch to English

मध्य प्रदेश पर्यटन को मिले तीन अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार

चर्चा में क्यों?

  • हाल ही में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ग्रामीण पर्यटन परियोजना को लंदन में वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट (डब्ल्यूटीएम) वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म अवार्ड-2021 समारोह में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ‘सर्वश्रेष्ठ परियोजना’पुरस्कार सहित तीन पुरस्कार प्रदान किये गए। लंदन में इस समारोह का आयोजन एक से तीन नवंबर तक हुआ।

प्रमुख बिंदु

  • अंतर्राष्ट्रीय रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म केंद्र ने ‘सर्वश्रेष्ठ परियोजना’का यह पुरस्कार ‘कोविड उपरांत सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल विकास’की श्रेणी में प्रदान किया।
  • इसी श्रेणी में मध्य प्रदेश ग्रामीण पर्यटन को ज़ोनल स्तर पर ‘स्वर्ण पुरस्कार’भी दिया गया। एक अन्य श्रेणी ‘पर्यटन में विविधता’के क्षेत्र में मध्य प्रदेश की ‘महिलाओं के लिये सुरक्षित पर्यटन’परियोजना की परिकल्पना को श्रेष्ठ परियोजना की मान्यता का पुरस्कार दिया गया।
  • पर्यटन बोर्ड की ओर से प्रबंध संचालक राज्य पर्यटन विकास निगम एस. विश्वनाथन और उप संचालक टूरिज़्म बोर्ड युवराज पडोले ने पुरस्कार प्राप्त किया।
  • वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म अवार्ड-2021 को प्रदान करने के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सभी देशों को चार ज़ोन में विभाजित कर भारत, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप तथा मिडिल ईस्ट में ज़ोनल स्तर पर ‘स्वर्ण पुरस्कार’प्रदान किये जाते हैं। ‘स्वर्ण पुरस्कार’प्राप्त परियोजनाओं में से सर्वश्रेष्ठ परियोजना का चयन कर ‘अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार’दिया जाता है, जो वर्ष 2021 के लिये मध्य प्रदेश ग्रामीण पर्यटन को दिया गया।
  • ग्रामीण पर्यटन परियोजना में प्रदेश में 100 गाँवों को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन गाँवों में समुदाय की भागीदारी से पर्यटन गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
  • ‘महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल’परियोजना में 50 चयनित पर्यटन स्थलों पर कार्यशील महिलाओं की संख्या में वृद्धि की जाएगी। महिला पर्यटकों के लिये अधो-संरचना विकास, स्थाघ्नीय हितधारकों की क्षमता वृद्धि, समुदाय आधारित संगठनों का निर्माण और महिलाओं के लिये आत्म-सुरक्षा प्रशिक्षण इत्यादि गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाएगा।
  • डब्ल्यूटीएम पर्यटन की विश्वस्तरीय संस्था है, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म केंद्र एक महत्त्वपूर्ण भाग है। अंतर्राष्ट्रीय रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म केंद्र ने 2021 में छह श्रेणियों में अवार्ड की घोषणा की है।
  • प्रति वर्ष लंदन में आयोजित होने वाला वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट, लंदन (WTM London), पर्यटन के क्षेत्र का एक बड़ा कार्यकम है, जिसमें विश्व भर के टूर, ट्रैवल एवं टूरिज़्म के क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाएँ भाग लेती हैं। यह विश्व में एक बड़ा मंच है, जिसमें पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को पहचान मिलती है, साथ ही बाज़ार एवं व्यवसाय को बढ़ाने के अवसर मिलते हैं।

हरियाणा Switch to English

‘मॉडर्न इंडिया’पुस्तक का विमोचन

चर्चा में क्यों?

  • 3 नवंबर, 2021 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटेर ने पूनम दलाल दहिया द्वारा लिखित पुस्तक ‘मॉडर्न इंडिया’का विमोचन किया। यह पुस्तक आधुनिक भारत के इतिहास पर व्यापक जानकारी प्रदान करती है।

प्रमुख बिंदु

  • पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान मैकग्रा हिल द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक की पहली प्रति लेखिका सुश्री पूनम दलाल दहिया ने हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटेर को भेंट की।
  • यह पुस्तक छात्रों को यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिये अनुकूल तरीके से आधुनिक भारत के इतिहास पर व्यापक जानकारी प्रदान करती है।
  • पुस्तक सभी महत्त्वपूर्ण घटनाओं का गहन कवरेज और विश्लेषण देती है, जिससे छात्रों को विषय की वैचारिक समझ हासिल करने में मदद मिलती है और यह प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा दोनों के लिये समान रूप से फायदेमंद है।
  • उल्लेखनीय है कि पूनम दलाल दहिया अपनी विषय-वस्तु विशेषज्ञता के लिये काफी लोकप्रिय हैं। लगभग चार वर्षों तक भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) में कार्य करने के बाद वे अब पुलिस विभाग में एएसपी, गुरुग्राम के रूप में कार्यरत् हैं।

उत्तराखंड Switch to English

केदारनाथ में 400 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण

चर्चा में क्यों?

  • 5 नवंबर, 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम में बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 400 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

प्रमुख बिंदु

  • प्रधानमंत्री ने आदि गुरु श्री शंकराचार्य जी के पुनर्निर्मित समाधि स्थल और नई प्रतिमा का अनावरण के साथ तीर्थ पुरोहितों के आवास, सरस्वती नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा तथा घाटों का निर्माण, मंदाकिनी नदी तट पर बाढ़ सुरक्षा हेतु भारवाहक दीवार, गरुड़ चट्टी के लिये मंदाकिनी नदी पर पुल के निर्माणकार्यों का लोकार्पण किया।
  • प्रधानमंत्री द्वारा जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें श्री केदारनाथ धाम में संगम घाट का पुनर्विकास एवं रेन शेल्टर शेड, प्राथमिक चिकित्सा तथा पर्यटक सुविधा केंद्र, मंदाकिनी वाटर एटीएम एवं मंदाकिनी प्लाज़ा, प्रशासनिक कार्यालय तथा अस्पताल भवन, केदारनाथ तीर्थस्थल में संग्रहालय (म्यूजियम) परिसर, सरस्वती सिविक एमेनिटी भवन आदि का निर्माण कार्य शामिल हैं।
  • प्रधानमंत्री ने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना पर तेज़ी से काम हो रहा है, चारों धाम सुरक्षित हाईवे से जुड़ रहे हैं। भविष्य में यहाँ केदारनाथ तक श्रद्धालु केबल कार के ज़रिये आ सकें, इससे जुड़ी प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। पवित्र हेमकुंड साहिब जी के दर्शन आसान हों, इसके लिये वहाँ भी रोपवे बनाने की तैयारी है।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केदारपुरी में जहाँ प्रथम चरण के 225 करोड़ रुपए के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहीं 184 करोड़ रुपए के कार्य द्वितीय चरण में गतिमान हैं। इसके साथ ही बद्रीनाथ धाम के मास्टर प्लान के लिये जहाँ 245 करोड़ रुपए से अधिक स्वीकृत हो चुके हैं, वहीं गंगोत्री व यमनोत्री के लिये भी करोड़ों रुपए के कार्य स्वीकृत हैं।
  • उन्होंने कहा कि पिछले पाँच वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा करीब एक लाख करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न परियोजनाएँ प्रदेश के लिये स्वीकृत हुई हैं, जिनमें से बहुत सी योजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं और अन्य पर कार्य चल रहा है।
  • ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा सामरिक एवं भौगोलिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर तेज़ी से काम हो रहा है। इसी प्रकार चार धाम ऑल वेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट पर भी तीव्र गति से काम किया जा रहा है।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow