प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 03 Sep 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

उत्तर प्रदेश बाजरा उत्पादन में दूसरे स्थान पर

चर्चा में क्यों?

2 सितंबर, 2022 को उत्तर प्रदेश के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश बाजरा के उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है। राज्य में लगभग 50 लाख मीट्रिक टन बाजरा का उत्पादन होता है, जो देश में कुल बाजरा उत्पादन का 19.69 प्रतिशत है।

प्रमुख बिंदु 

  • उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने भारत के प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए 2023 को अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष घोषित किया है। 
  • उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में बाजरा और अन्य पोषक-अनाज को लोकप्रिय बनाने के लिये कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष 2023 की कार्य योजना अन्य के साथ-साथ उत्पादन, खपत, निर्यात और ब्रांडिंग को बढ़ाने की रणनीतियों पर केंद्रित है।
  • प्रस्तावित कार्य योजना में सरकार बाजरा के खेती क्षेत्र, उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने पर ध्यान देगी। बाजरे की खेती का रकबा, जो 2022 में 9.80 लाख हेक्टेयर था, उसे बढ़ाकर 10.19 लाख हेक्टेयर कर दिया जाएगा। उत्पादकता वर्तमान 24.55 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर 25.53 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की जाएगी।
  • इसी तरह सरकार का लक्ष्य ज्वार की खेती का रकबा मौजूदा 2.15 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 2.24 लाख हेक्टेयर करना है। इसी प्रकार कोदो एवं संवा के क्षेत्रफल, उत्पादन एवं उत्पादकता में भी वृद्धि होगी।
  • बाजरे के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये सरकार क्लस्टर प्रदर्शन, साझा बीज वितरण के माध्यम से क्षेत्र विस्तार और मुफ्त बीज मिनीकिट वितरण आयोजित करने की योजना बना रही है।
  • बाजरा पानी की कमी और सूखे की स्थिति के लिये सबसे उपयुक्त है। ये अन्य फसलों की तुलना में कम-से-कम 70 प्रतिशत कम पानी की खपत करता है और इसे न्यूनतम इनपुट और लगभग कोई कीटनाशक की आवश्यकता नहीं होती है। किसानों के लिये, बाजरा जलवायु परिवर्तन हेतु कम जोखिम वाली फसल है। इसलिये, सरकार की योजना वर्षा सिंचित क्षेत्रों में पौष्टिक अनाज की खेती को बढ़ावा देने की है।
  • इसके अलावा, सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मोटे अनाज को बढ़ावा देने की योजना बना रही है। सरकार फसल पद्धति आधारित प्रशिक्षण में मोटे अनाज की पूरी जानकारी भी देगी। प्रोटीन, ज़िंक, आयरन और विटामिन सहित विशेष पोषक तत्त्वों से भरपूर किस्मों के विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
  • लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिये रोड शो, होर्डिंग, वॉल पेंटिंग आदि के माध्यम से जानकारी का प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा, राज्य, ज़िला और ब्लॉक स्तर पर भी राष्ट्रीय मोटे अनाज दिवस का आयोजन किया जाएगा।
  • उत्तर प्रदेश सरकार राष्ट्रीय और वैश्विक बाज़ार के लिये न केवल बाजरा, बल्कि संसाधित, बाजरा उत्पादों के उत्पादन को प्रोत्साहित और बढ़ावा देगी। बिस्किट फैक्ट्री, ब्रेड फैक्ट्री सहित अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जाएंगी।  

झारखंड Switch to English

फिट इंडिया क्विज़ में राष्ट्रीय चैंपियन बना डीपीएस राँची

चर्चा में क्यों?

हाल ही में मुंबई में आयोजित फिट इंडिया क्विज़ 2021 के पहले संस्करण के नेशनल राउंड में डीपीएस राँची ‘नेशनल चैंपियन’बना। झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए डीपीएस राँची के शाकेब अरसलान और वैष्णव गरोडिया राष्ट्रीय स्तर पर विजेता बने। 

प्रमुख बिंदु 

  • चैंपियन बनने पर विद्यालय को 25 लाख रुपए का नकद पुरस्कार मिला। वहीं, प्रतिभागियों को 2.5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विजेताओं को सम्मानित किया। 
  • फिट इंडिया क्विज़-2021 का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया था। 
  • फाइनल राउंड में डीपीएस राँची के छात्रों ने तमिलनाडु, बिहार और अरुणाचल प्रदेश की टीमों को हराया। इससे पूर्व सेमीफाइनल राउंड में पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की टीमों को पराजित किया था।
  • भारत के समृद्ध खेल इतिहास के बारे में छात्रों के बीच जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से शुरू की गई, फिट इंडिया क्विज़ में प्रारंभिक दौर में 36,299 छात्रों की भागीदारी देखी गई, जहाँ देश भर के 13,500 स्कूलों ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित एक मंच पर ऑनलाइन प्रतिस्पर्धा की।
  • इसमें से चयनित 360 स्कूलों ने स्टेट राउंड में भाग लिया। राज्यस्तरीय क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल राउंड की एक श्रृंखला के बाद राष्ट्रीय फाइनल में भाग लेने के लिये 36 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के फाइनलिस्ट की पहचान की गई है।   

छत्तीसगढ़ Switch to English

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी बना छत्तीसगढ़ का 29वाँ ज़िला

चर्चा में क्यों?

2 सितंबर, 2022 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवगठित ज़िला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का राज्य के 29वें ज़िले के रूप में उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ज़िले के नक्शे का अनावरण भी किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • ज़िला शुभारंभ कार्यक्रम में उन्होंने 106 करोड़ 27 लाख 95 हज़ार रुपए के कार्य का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 52 करोड़ 16 लाख 8 हज़ार रुपए के 42 कार्यों का भूमि-पूजन एवं 54 करोड़ 11 लाख 87 हज़ार रुपए के 12 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। 
  • मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर ज़िलावासियों को बधाई दी और ज़िले के तीनों ब्लॉक के विकास के लिये तीन करोड़ रुपए की घोषणा की। 
  • नवगठित ज़िला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी राजनांदगांव ज़िले से अलग कर एक नई प्रशासनिक इकाई के रूप में बनाया गया है। नवीन ज़िला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी दुर्ग संभाग के अंतर्गत होगा। 
  • ज़िले के उद्घाटन के एक दिन पहले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ज़िले में कलेक्टर की पदस्थापना भी कर दी गई। 2014 बैच के IAS ऑफिसर एस. जयवर्धन पहले कलेक्टर बनाए गए हैं, वहीं येदुवल्ली अक्षय कुमार नवगठित ज़िले के पहले एसपी होंगे।
  • नवीन गठित ज़िले में तीन तहसील- अंबागढ़ चौकी, मोहला एवं मानपुर हैं तथा तीन विकासखंड एवं जनपद पंचायत- अंबागढ़ चौकी, मोहला एवं मानपुर हैं।
  • नवीन ज़िले का भौगोलिक क्षेत्रफल 2 लाख 14 हज़ार 667 हेक्टेयर है। यहाँ की कुल जनसंख्या 2 लाख 83 हज़ार 947 है, जिसमें अनुसूचित जनजाति की कुल जनसंख्या 1 लाख 79 हज़ार 662 है, जो ज़िले की कुल जनसंख्या का 63.27 प्रतिशत है। 
  • ज़िले में राजस्व निरीक्षक मंडल की संख्या 13 है, कुल पटवारी हलका नंबर 89 है, ग्राम पंचायत की संख्या 185 है।  ज़िले में थानों की कुल संख्या 9 है, विधानसभा क्षेत्र 2 तथा कुल मतदान केंद्र संख्या 497 है, नवीन ज़िले में कुल गाँवों की संख्या 499 है।
  • गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 15 अगस्त, 2021 को चार नए ज़िलों और 18 नई तहसीलों के गठन की घोषणा की थी। इनमें मोहला-मानपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती और मनेंद्रगढ़ शामिल हैं। इसके बाद खैरागढ़ उप-चुनाव के दौरान उन्होंने एक अन्य नया ज़िला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के गठन की घोषणा की थी।
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 3 सितंबर को प्रदेश के 30वें ज़िले ‘सारंगढ़-बिलाईगढ़’और 31वें  ज़िले ‘खैरागढ़-छुईखदान-गंडई’का शुभारंभ करेंगे।  

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2