प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 03 Aug 2023
  • 1 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

उत्तर प्रदेश में प्रति व्यक्ति ऊर्जा खपत सिर्फ 629 यूनिट

चर्चा में क्यों?

2 अगस्त, 2023 को उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति ऊर्जा की खपत बहुत कम 629 यूनिट प्रतिवर्ष है।  

प्रमुख बिंदु  

  • सबसे कम खपत के मामले में बिहार ही उत्तर प्रदेश के बाद है, जबकि पूरे भारत का प्रति व्यक्ति ऊर्जा खपत औसत 1208 यूनिट प्रतिवर्ष है। 
  • उत्तर प्रदेश के आँकड़ों के अनुसार वर्ष 2017-18 में प्रति व्यक्ति ऊर्जा खपत 629 यूनिट प्रतिवर्ष थी, जो वर्ष 2018-19 में घटकर 606 हो गई। वर्ष 2019-20 में यह 629 यूनिट प्रतिवर्ष प्रति व्यक्ति पहुँच गई। इसके बाद की स्थिति के बारे में अभी घोषणा नहीं की गई है। 
  • प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति ऊर्जा की खपत बढ़ाने के लिये रोस्टर का दौर धीरे-धीरे समाप्त होगा, 24 घंटे विद्युत आपूर्ति के प्रयास किये जाएंगे। 
  • इस संबंध में उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि कई राज्यों में रोस्टर प्रणाली लागू ही नहीं है। यही वजह है कि वहाँ प्रति व्यक्ति प्रतिवर्ष ऊर्जा खपत अधिक है। 

कुछ राज्यों में प्रति व्यक्ति खपत (वर्ष 2019-20)

राज्य

प्रति व्यक्ति खपत

गुजरात

2388 यूनिट

हरियाणा

2229 यूनिट

पंजाब

2171 यूनिट

छत्तीसगढ़

2044 यूनिट

दिल्ली

1572 यूनिट

हिमाचल प्रदेश

1527 यूनिट

महाराष्ट्र

1418 यूनिट

राजस्थान

1317 यूनिट

मध्य प्रदेश

1086 यूनिट

उत्तर प्रदेश

629 यूनिट

बिहार

332 यूनिट

देश में औसत

1208 यूनिट


राजस्थान Switch to English

प्रदेश में समग्र शिक्षा कार्यक्रमों की गाइडलाइन के इंटरैक्टिव वीडियो तैयार

चर्चा में क्यों?

2 अगस्त, 2023 को राजस्थान के स्कूल शिक्षा विभाग के शासन सचिव नवीन जैन ने बताया कि प्रदेश में विभाग द्वारा अनूठी पहल के तौर पर समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित कार्यक्रमों, गतिविधियों और ‘टीचर्स ट्रेनिंग मॉड्यूल’के वीडियो तैयार कराए गए हैं। इनको आगामी दिनों में वॉट्सएप ग्रुप के माध्यम से सभी सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को सर्कुलेट कर दिया जाएगा। 

प्रमुख बिंदु  

  • शासन सचिव नवीन जैन ने बताया कि इसके तहत करीब चार दर्जन गाइडलाइंस को 15 इंटरेक्टिव वीडियोज में समाहित कर ‘यूट्यूब’ पर अपलोड कर इनके ‘क्यूआर कोड’बनाए गए हैं।   
  • इस नई पहल से शिक्षक, अभिभावक, आमजन और विद्यार्थी अपने से संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी चंद मिनटों में मोबाईल पर ‘क्यूआर कोड’को स्कैन करते हुए इन वीडियोज़ के ज़रिये प्राप्त कर सकेंगे।  
  • इस प्रयोग से विभागीय गतिविधियों का और अधिक पारदर्शिता के साथ संचालन होगा और इनमें सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। वीडियो के रूप में प्रसारित गाइडलाइन को पढ़ने और समझने में आसानी रहेगी, जिससे विभागीय योजनाओं का प्रभावी संचालन हो सकेगा।  
  • उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रमों की गाइडलाइन को समय-समय पर विभागीय सर्कुलर के माध्यम से जारी किया जाता है। इस परंपरागत तरीके से जारी किये जाने वाले दिशा-निर्देश प्राय: अधिकारियों और प्रिंसिपल तक ही सीमित रह जाते हैं।  
  • इस दिशा में विभाग द्वारा ‘लीक से हटकर’कार्य करते हुए सभी ‘गाइडलाइंस’की समीक्षा की गई। इनके व्यावहारिक और एक समान पहलुओं को जोड़कर ‘ऑडियो-विजुअल फॉर्म’में बदलते हुए ‘इंटरैक्टिव वीडियोज़’तैयार किये गए हैं। इन वीडियो को ‘यूट्यूब’पर अपलोड कर उनके ‘क्यू आर कोड’बनाए गए हैं।  
  • इनको विभाग के तहत संभाग, ज़िला, ब्लॉक एवं स्कूलों के स्तर पर अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के ‘वॉट्सएप ग्रुप’द्वारा राज्य के समस्त सरकारी स्कूलों तक सुलभ करा दिया जाएगा। 
  • अलग-अलग थीम पर बनाए उपयोगी वीडियोज़ 
    • स्कूल शिक्षा विभाग के सभी ‘स्टेकहोल्डर्स’के लिये उपयोगिता और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ये वीडियोज़ अलग-अलग थीम पर तैयार कराए गए हैं।  
    • ‘ग्रांट्स फॉर स्कूल’के वीडियो में कंपोजिट स्कूल ग्रांट एवं स्पोर्ट्स ग्रांट, ‘क्लब्स इन द स्कूल’ में यूथ एंड इको क्लब एवं विज्ञान क्लब, ‘स्कूल उत्सव’शीर्षक पर बने वीडियो में प्रवेशोत्सव, वार्षिकोत्सव, एल्यूमिनाई मीट, बाल समारोह, कला उत्सव एवं रंगोत्सव तथा ‘हॉस्टल्स’के वीडियो में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं मेवात बालिका छात्रावास के बारे में आवश्यक सूचनाओं और उपयोगी जानकारी का समावेश किया गया है।  
    • विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिये टीचिंग लर्निंग मैटेरियल से संबंधित गतिविधियों, जैसे- शिक्षक-विद्यार्थी डायरी, सभी प्रकार की वर्क बुक्स (उपचारात्मक रेडीनेस), कला एवं एबीएल किट, विज्ञान एवं गणित किट से संबंधित प्रमुख बातों को शामिल करते हुए एक विशेष वीडियो तैयार किया गया है।  
    • वहीं बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण, आईसीटी लैब, व्यावसायिक शिक्षा गतिविधियाँ, सामुदायिक गतिशीलता (विद्यालयों के स्तर विकास समितियों की बैठक, सामुदायिक जागृति दिवस एवं आपणी लाडो योजना) तथा किशोर-किशोरी सशक्तीकरण गतिविधियाँ (राजू/मीना मंच, गार्गी मंच एवं अध्यापिका मंच, किशोरी मेला तथा चाइल्ड राइट क्लब) पर भी वीडियो बनाए गए हैं। 
  • विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों पर भी फोकस 
    • विभाग द्वारा ‘चाइल्ड विद स्पेशल नीड्स’(विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों) के लिये ट्रांसपोर्ट भत्ता, एस्कॉर्ट भत्ता, स्टायफंड और रीडर भत्ता जैसी गतिविधियों का संचालन होता है। इनके बारे में महत्त्वपूर्ण जानकारी को एक वीडियो के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है।
    • इसी प्रकार महात्मा गांधी स्कूलों में पूर्व प्राथमिक शिक्षा के वीडियो में एक्टिव कॉर्नर, रीडिंग कॉर्नर एवं कला कॉर्नर के साथ-साथ पूर्व प्राथमिक शिक्षा हेतु टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) किट तथा विद्यार्थियों के लिये ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना से संबंधित वीडियोज़ भी अब सभी के लिये यूट्यूब पर उपलब्ध हैं। 
  • कम अवधि के शिक्षक-प्रशिक्षण भी शामिल 
    • विभाग में ब्लॉक और ज़िला स्तर पर एक या दो दिनों की छोटी अवधि के लिये कई शिक्षकों के कई प्रशिक्षण पूरे सत्र में आयोजित किये जाते हैं। इनमें शामिल होने के लिये टीचर्स को अपने स्कूलों से शहरों या फिर किसी अन्य सेंटर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिये यात्रा करनी पड़ती है। इससे उनको अनावश्यक परेशानी होती है और क्लास रूम टीचिंग पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है।  
    • ऐसे में ब्लॉक एवं ज़िला स्तर पर चलने वाले ऐसे प्रशिक्षणों के बारे में भी वीडियो बनाए गए हैं, जिनको अपने मोबाइल पर अपनी सुविधा के अनुसार देख कर टीचर्स गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 
    • इसके अलावा क्वालिटी एजुकेशन के लिये विद्यालय एवं शिक्षकों की परख से संबंधित एक वीडियो में निपुण मेला तथा शाला सिद्धि एवं शिक्षक मूल्यांकन प्रपत्र, क्वालिटी मॉनिटरिंग टूल की जानकारी दी गई है। 


राजस्थान Switch to English

राजस्थान विधानसभा में कई महत्त्वपूर्ण विधेयक ध्वनिमत से पारित

चर्चा में क्यों?

2 अगस्त, 2023 को राजस्थान विधानसभा ने राजस्थान विद्युत (शुल्क) विधेयक, 2023 सहित कई महत्त्वपूर्ण विधेयकों को ध्वनिमत से पारित कर दिया।  

प्रमुख बिंदु  

  • प्रभारी मंत्री एवं संसदीय कार्य मंत्री शांति कुमार धारीवाल ने राजस्थान विद्युत (शुल्क) विधेयक, 2023 को सदन में विचारार्थ प्रस्तुत किया, जिस पर चर्चा के बाद सदन ने विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया। 
  • सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने महात्मा गांधी दिव्यांग विश्वविद्यालय, जोधपुर विधेयक, 2023 को सदन में विचारार्थ प्रस्तुत किया, जिस पर चर्चा के बाद सदन ने विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया। 
  • सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने राजस्थान राज्य कृषक ऋण राहत आयोग विधेयक, 2023 को सदन में विचारार्थ प्रस्तुत किया, जिस पर चर्चा के बाद सदन ने विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया। 
  • राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने राजस्थान अभिधृति (संशोधन) विधेयक, 2023 को सदन में विचारार्थ प्रस्तुत किया, जिस पर चर्चा के बाद सदन ने विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया। 
  • देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत ने नाथद्वारा मंदिर (संशोधन) विधेयक, 2023 को सदन में विचारार्थ प्रस्तुत किया, जिसके बाद सदन ने विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया।

मध्य प्रदेश Switch to English

राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों की घोषणा

चर्चा में क्यों?

2 अगस्त, 2023 को मध्य प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने वर्ष 2022 के राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों की घोषणा की। वर्ष 2022 के लिये 11 खिलाड़ियों को एकलव्य पुरस्कार, 10 को विक्रम, एक प्रशिक्षक को विश्वामित्र तथा एक खेल हस्ती को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 

प्रमुख बिंदु  

  • मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बताया कि एकलव्य पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों को एक लाख रुपए और शेष को दो लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाती है।  
  • वर्ष 2013 से पारंपरिक खेल मलखंब में उत्कृष्टता के लिये स्व. प्रभाष जोशी पुरस्कार प्रारंभ किया गया, जिसमें विजेताओं को दो लाख रुपए की राशि से सम्मानित किया जाता है। 
  • विदित है कि वर्ष 2011 तक एकलव्य पुरस्कार विजेता को 25 हज़ार रुपए और विक्रम, विश्वामित्र और लाईफ टाईम अवार्ड के विजेताओं को 50 हज़ार रुपए की राशि दी जाती थी। वर्ष 2021 से सभी पुरस्कार राशि को बढ़ाया गया है।  
  • एकलव्य पुरस्कार : वर्ष 2022 के एकलव्य पुरस्कार के लिये भोपाल के आस्था दांगी (क्याकिंग-केनोइंग), अमन सिंह बिष्ट (बॉक्सिंग), प्रज्ञा सिंह (फेंसिंग), आशी चौकसे (शूटिंग) और सौम्या तिवारी (क्रिकेट), राजगढ़ की रितिका दांगी (सेलिंग), देवास के अभिषेक परिहार (सॉफ्ट-टेनिस), इंदौर की पलक शर्मा (तैराकी), ग्वालियर की खुशबू (हॉकी), उज्जैन के दीपेश लश्करी (जिम्नास्टिक) और इंद्रजीत नागर को (मलखंब) खेल में एकलव्य पुरस्कार के लिये चयनित किया गया है। 
  • विक्रम पुरस्कार : वर्ष 2022 के विक्रम पुरस्कारों के लिये भोपाल के राजू सिंह (घुड़सवारी), देवास के आदित्य दुबे (सॉफ्ट-टेनिस), सीहोर की नीतू वर्मा (क्याकिंग-केनोइंग), अशोकनगर के भूरक्षा दुबे (वूशु), रायसेन की प्रगति दुबे (शूटिंग), इंदौर के सुबोध चौरसिया (सॉफ्टबॉल) एवं आवेश खान को (क्रिकेट), ग्वालियर के नीरज राणा (हॉकी) तथा धनंजय दुबे (टेनिस) (दिव्यांग वर्ग में) तथा उज्जैन के राजवीर सिंह पंवार के नामों की घोषणा हुई है। 
  • विश्वामित्र पुरस्कार: वर्ष 2022 में विश्वामित्र पुरस्कार के लिये भोपाल की बैडमिंटन प्रशिक्षक रश्मि मालवीय का चयन किया गया है। 
  • लाइफटाइम अचीवमेंट ऑवर्ड: वर्ष 2022 में राज्य स्तरीय लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार की श्रेणी में इंदौर के अनिल धूपर (टेनिस) का चयन किया गया है।


झारखंड Switch to English

धनबाद IIT-ISM की इलेक्ट्रिक रेसिंग कार को मिला तीसरा स्थान

चर्चा में क्यों?

2 अगस्त, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार धनबाद स्थित आईआईटी-आईएसएम की टीम मेचिस्मू द्वारा तैयार इलेक्ट्रिक रेसिंग कार ने बंगलूरू में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पीआई-ईवी 2023 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल किया है। 

प्रमुख बिंदु  

  • कार ने फेल्योर मोड एंड इफेक्ट एनालिसिस की श्रेणी में भी बेस्ट रिपोर्ट का पुरस्कार जीता है। साथ ही, टीम ने मार्केटिंग और इंजीनियरिंग डिज़ाइन की श्रेणी में भी तीसरा स्थान हासिल किया है।  
  • इस प्रतियोगिता में पहले स्थान पर इंडोनेशिया का इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी सेपुलुह और दूसरे स्थान पर राजाराम बापू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की टीम रही।  
  • यह प्रतियोगिता जुलाई के अंतिम सप्ताह में हुई थी। परिणाम की घोषणा 29 जुलाई को की गई। 
  • गौरतलब है कि आईआईटी धनबाद की टीम मेचिस्मू ने अपने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है। इससे पहले इलेक्ट्रिक व्हीकल की श्रेणी में टीम ने पहली बार 2022 में हिस्सा लिया था।  
  • टीम के वाइस कैप्टन व टीम के टेक को-ऑर्डिनेटर हेरंभ दक्षिणमूर्ति के अनुसार मेचिस्मू रेसिंग कार 2008 से बना रही है। इससे पहले कंबस्टन इंजन श्रेणी में हिस्सा लेती थी। वर्ष 2022 में इलेक्ट्रिकल व्हीकल श्रेणी में हिस्सा लेना शुरू किया।


छत्तीसगढ़ Switch to English

किशोर न्याय अधिनियम के तहत ‘छत्तीसगढ़ बाल कोष’ गठित

चर्चा में क्यों?

2 अगस्त, 2023 को छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के अनुसार किशोर न्याय निधि के प्रावधान अनुसार राज्य में बच्चों के सर्वोत्तम हित में ‘छत्तीसगढ़ बाल कोष’ का गठन किया गया है। 

प्रमुख बिंदु  

  • छत्तीसगढ़ बाल कोष में बालकों के कल्याण और पुनर्वास के लिये दान, अनुदान, अंशदान के माध्यम से सहयोग राशि दी जा सकती है।  
  • इस राशि का उपयोग किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के तहत आने वाले बच्चों की शिक्षा-दीक्षा, पुनर्वास जैसे उनके सर्वोत्तम हित में खर्च करने हेतु किया जाएगा।  
  • राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ बाल कोष के क्रियान्वयन के संबंध में सभी कलेक्टरों और ज़िला बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों को अधिसूचना दिनांक 23 मार्च, 2022 के माध्यम से विस्तृत दिशा निर्देश जारी किये गए हैं। 
  • राज्य सरकार के महिला एवं बाल विकास द्वारा बच्चों के हित के लिये दान, अनुदान, अंशदान प्राप्त करने हेतु राज्य स्तर पर आईसीआईसी बैंक में खाता संख्या 251501000259, आईएफएसआई संख्या ICICI0002515 का संचालन किया जा रहा है।  
  • इस कोष में किसी व्यक्ति, समूह, संस्था [(जिसमें स्वयंसेवी संस्था, संगठन, गैर-सरकारी संस्था, ट्रस्ट आदि, कॉर्पोरेट्स (निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर)] द्वारा स्वैच्छिक रूप से दान, अंशदान, अनुदान दिया जा सकता है।  
  • इसके साथ ही छत्तीसगढ़ बाल कोष में उद्योगपति, प्रबुद्ध व्यक्ति, सरकारी, गैर-सरकारी कर्मचारी और व्यापारी भी स्वैच्छिक दान, अंशदान, अनुदान कर सहयोग कर सकते हैं। 

उत्तराखंड Switch to English

19वें एशियाई गेम्स के लिये बागेश्वर के रोहित दानू भारतीय फुटबॉल टीम में शामिल

चर्चा में क्यों?

1 अगस्त, 2023 को 19वें एशियाई गेम्स के लिये भारतीय फुटबॉल टीम की घोषणा हुई, जिसमें उत्तराखंड के बागेश्वर ज़िले के अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉलर रोहित दानू भी शामिल हैं।  

प्रमुख बिंदु  

  • शानदार फारवर्डर रोहित का चयन 23 सितंबर से 8 अक्तूबर तक चीन के हांग्जो में होने वाले एशियाई गेम्स के लिये भारतीय टीम में हुआ है। रोहित दानू सुनील छेत्री की कप्तानी वाली देश की फुटबॉल टीम से खेलते नज़र आएंगे। 
  • बागेश्वर के बघर गाँव निवासी रोहित दानू ने काफी छोटी उम्र में फुटबॉल खेलना शुरू कर दिया था। उन्होंने फुटबॉल की बारीकियाँ बागेश्वर के कोच नीरज पांडेय से सीखीं। 
  • वह प्रदेश की अंडर-14 टीम का हिस्सा रहे। इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बूते वर्ष 2017 में 15 वर्ष की उम्र में भारतीय अंडर-17 टीम का हिस्सा बन गए। रोहित ने वर्ष 2017 में फीफा विश्व कप अंडर 17 में देश का प्रतिनिधित्व किया। रोहित भारतीय अंडर-19, अंडर-23 का हिस्सा भी रहे। 
  • रोहित दानू का हाल ही में बंगलूरू एफसी के साथ तीन साल का करार हुआ है। वह 2020 में इंडियन सुपर लीग क्लब हैदराबाद के साथ तीन साल के लिये जुड़े थे।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow