प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 03 Jun 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

सम्राट पृथ्वीराज

चर्चा में क्यों?

2 जून, 2022 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बॉलीवुड बायोपिक ‘सम्राट पृथ्वीराज’ की स्क्रीनिंग में भाग लेने के बाद राज्य में इस फिल्म को कर से छूट देने की घोषणा की।

प्रमुख बिंदु

  • इस फिल्म का निर्देशन डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है तथा पृथ्वीराज की भूमिका अभिनेता अक्षय कुमार द्वारा निभाई गई है।
  • पृथ्वीराज तृतीय, जो चौहान वंश के राजा थे, को ही पृथ्वीराज चौहान कहा जाता है।
  • इन्होंने 12वीं सदी के उत्तरार्द्ध में सन् 1178 से 1192 ई. के मध्य उत्तर-भारत में अजमेर और दिल्ली पर शासन किया था तथा इनकी राजधानी अजमेर में स्थित थी।
  • वर्ष 2021 में बागपत जनपद के खेकड़ा के निकटवर्ती दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से सटे गाँव काठा के प्राचीन टीले में पुरातात्त्विक स्थल निरीक्षण में पृथ्वीराज चौहान सहित राजा अनंगपाल देव, राजा मदनपाल, राजा चाहड़ा राजदेव के समय के 16 दुर्लभ सिक्के प्राप्त हुए थे।
  • तराइन के प्रथम युद्ध में पृथ्वीराज ने मुहम्मद गोरी को पराजित किया था, किंतु तराइन के द्वितीय युद्ध में मुहम्मद गोरी ने पृथ्वीराज को पराजित कर दिया।
  • दिल्ली स्थित किला राय पिथौरा के निर्माण का श्रेय पृथ्वीराज को ही दिया जाता है।

बिहार Switch to English

बिहार के खुरमा, तिलकुट और बालूशाही को GI टैग दिलाने की कोशिश

चर्चा में क्यों?

हाल ही में नाबार्ड के महाप्रबंधक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि नाबार्ड बिहार के खुरमा, तिलकुट और बालूशाही को जीआई टैग दिलाने में मदद करेगा।

प्रमुख बिंदु

  • डॉ. सुनील ने बताया कि जीआई टैग दिलाने हेतु नाबार्ड द्वारा इन मिठाइयों की विशेषताओं और उनके स्रोत की जानकारी प्राप्त करने के बाद उत्पादकों से आवेदन करने के लिये कहा जाएगा।
  • गौरतलब है कि बिहार में गया का तिलकुट, सीतामढ़ी की बालूशाही और भोजपुर ज़िले के उदवंतनगर का खुरमा अत्यधिक प्रसिद्ध है।
  • बिहार के कई उत्पादों को पहले से ही GI टैग प्रदान किया जा चुका है, जिनका विवरण निम्न प्रकार है-
    • भागलपुरी जरदालू आम
    • कतरनी चावल
    • मगही पान
    • शाही लीची
    • मधुबनी पेंटिंग
    • पिपली कार्य

राजस्थान Switch to English

‘राज स्किल, 2022’ प्रतियोगिता

चर्चा में क्यों?

2 जून, 2022 को राजस्थान के कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता राज्य मंत्री अशोक चांदना ने कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग की ओर से प्रशिक्षणार्थियों में आपसी प्रतिस्पर्द्धा की भावना बढ़ाकर कौशल में अधिक दक्ष बनाने के लिये ‘राज स्किल, 2022’ प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की है।

प्रमुख बिंदु

  • तीन चरणों में होने वाली यह प्रतियोगिता औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रशिक्षणार्थियों एवं तकनीकी दक्ष नॉन-आईटीआई युवाओं के लिये अलग-अलग होगी।
  • अशोक चाँदना ने बताया कि राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सर्वाधिक लोकप्रिय विद्युतकार, फिटर एवं डीजल मेकैनिक, कोपा एवं स्विंग टेक्नोलॉजी तथा नॉन-इंजीनियरिंग व्यवसायों में ड्रेस मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
  • इसी प्रकार तकनीकी रूप से दक्ष नॉन-आईटीआई आम युवाओं के लिये समानांतर श्रेणी में प्रतियोगिता करवाकर उन्हें कौशल प्रदर्शन का मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
  • इसके अंतर्गत राज्यस्तरीय प्रतिभागी प्रशिक्षणार्थियों में से प्रत्येक व्यवसाय में पहले, दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय विजेता घोषित कर उन्हें पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
  • डॉ. आरुषी मलिक ने बताया कि प्रत्येक स्तर पर भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिया जाएगा तथा ज़िलास्तर पर प्रतियोगिता में प्रथम चार स्थान एवं संभागस्तर पर प्रथम तीन स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को समारोह आयोजित कर पारितोषिक दिया जाएगा।

हरियाणा Switch to English

रोहतक पीजीआई बनेगा हार्ट का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

चर्चा में क्यों? 

2 जून, 2022 को हरियाणा राज्य के पीजीआईएमएस के निदेशक डॉ. एस.एस. लोहचब ने रोहतक ज़िले के पीजीआई को हार्ट का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की घोषणा की है। 

प्रमुख बिंदु 

  • पीजीआई के हार्ट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने से दिल की हर तरह की बीमारी के इलाज की सुविधा एक ही जगह उपलब्ध हो सकेगी।  
  • इसी संदर्भ में हार्ट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दिल के मरीजों को हर तरह का इलाज मुहैया कराने के लिये उपकरण, चिकित्सक, स्टाफ अन्य ज़रूरी चीजों का खाका तैयार किया जा रहा है।  
  • वर्तमान में राज्य के हृदय रोगियों को इलाज़ के लिये चंडीगढ़, जयपुर या दिल्ली जाना पड़ता है। 
  • साथ ही सरकार द्वारा दूसरे गंभीर रोगों के अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में एक्सीलेंस सेंटर बनाए जाएंगे ताकि मरीजों को दूसरे रोगों का भी बेहतर इलाज मुहैया हो सके।   
  • सरकार का प्रयास इस संस्थान को हृदय रोग की सुपर स्पेशियलिटी के रूप में विकसित करने का है। 

झारखंड Switch to English

इवेंट वेहिकल मैनेजमेंट सिस्टम

चर्चा में क्यों?

2 जून, 2022 को झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने वाहन कोषांग से संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक में विचार-विमर्श के बाद इवेंट वेहिकल मैनेजमेंट सिस्टम ऐप की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया।

प्रमुख बिंदु

  • इस ऐप का प्रयोग चुनाव में प्रयुक्त वाहनों का डेटाबेस तैयार करने एवं अधिगृहीत वाहनों का त्वरित भुगतान करने के लिये किया जाएगा।
  • मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस ऐप का प्रयोग आगामी चुनावों में किया जाएगा, जिससे वाहनों के भुगतान संबंधी विवादों में कमी आएगी।
  • इस ऐप के अंतर्गत गाड़ी का प्रकार, नंबर, उसके मालिक का नाम तथा चुनाव में वाहन के प्रयोग सहित गाड़ी कब्ज़े में लेने और मुक्त करने के समय की मीटर रीडिंग आदि विवरण उपलब्ध रहेंगे।

छत्तीसगढ़ Switch to English

आज़ादी से अंत्योदय विशेष अभियान

चर्चा में क्यों?

2 जून, 2022 को छत्तीसगढ़ के राजनांदगाँव के कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में आज़ादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आजादी से अंत्योदय तक विशेष अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिये विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस शिविर में दिव्यांगजनों का विशिष्ट पहचान-पत्र यूडीआईडी कार्ड व चिकित्सा प्रमाण-पत्र बनाया गया।
  • गौरतलब है कि आज़ादी से अंत्योदय अभियान का शुभारंभ अप्रैल, 2022 में केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा किया गया था।
  • आज़ादी का अमृत महोत्सव के वर्ष भर के आयोजनों के तहत 90 दिन के इस अभियान का उद्देश्य 28 राज्घ्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 75 ज़िलों में बिल्कुल निचले स्तर के व्यक्ति तक केंद्रीय मंत्रालयों की लाभकारी योजनाएँ पहुँचाना है।
  • ये ज़िले देश की आज़ादी के लिये प्राणों की आहुति देने वाले 99 स्वतंत्रता सेनानियों के जन्मस्थल से जुड़े हैं।
  • इस अभियान में सभी ग्रामीण हितधारकों, जैसे- स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों, पंचायती राज संस्थाओं, महिलाओं तथा युवा समूहों और विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा।

उत्तराखंड Switch to English

उत्तराखंड में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी

चर्चा में क्यों?

2 जून, 2022 को देहरादून का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के घाटी वाले क्षेत्रों में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

प्रमुख बिंदु

  • देहरादून का तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस पहुँचने से पिछले दस वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया, क्योंकि जून 2012 के अधिकतम 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के बाद यह पहला अवसर है, जब तापमान 41 डिग्री तक पहुँच गया है।
  • दून का अभी तक का अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड 43.9 डिग्री सेल्सियस है, जो 4 जून, 1902 को दर्ज़ किया गया था।
  • गौरतलब है कि ग्रीष्म लहर असामान्य रूप से उच्च तापमान की वह स्थिति है, जिसमें तापमान सामान्य से अधिक रहता है और यह मुख्यत: देश के उत्तर-पश्चिमी भागों को प्रभावित करती है।
  • भारत में ग्रीष्म लहर सामान्यत: मार्च-जून के बीच चलती है, परंतु कभी-कभी जुलाई तक भी चला करती है।
  • भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मैदानी क्षेत्रों में 40 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान को ग्रीष्म लहर के मानक के रूप में निर्धारित किया है। जहाँ सामान्य तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहता है, वहाँ 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने पर सामान्य तथा 7 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान बढ़ने पर गंभीर ग्रीष्म लहर की घटनाएँ होती हैं।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2