प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 03 May 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

लखनऊ की सौम्या मिश्रा के निर्देशन में कनाडा में ‘मिलेट मेला’ और ‘स्वराज-स्वतंत्रता की गाथा’ का आयोजन

चर्चा में क्यों?

2 मई 2023 को उत्तर प्रदेश लखनऊ की सौम्या मिश्रा के निर्देशन में कनाडा के शहर टोरोंटो में पहली बार ‘मिलेट मेला’और ‘स्वराज -स्वतंत्रता की गाथा’का आयोजन किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस कार्यक्रम में 2 साल से लेकर 65 साल तक के प्रतिभागियों ने भारत के ‘स्वतंत्रता संग्राम एक गाथा’की प्रस्तुति की, इसमें 80 स्वतंत्रता सेनानियों का उल्लेख था।
  • इस कार्यक्रम में भारत के 28 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों की 40 प्रकार के मिलेट से बने पारंपरिक व्यंजन शामिल थे।
  • इस दौरान लखनऊ की सौम्या मिश्रा ने बताया कि इस नाटकीय-कथा के संपादन में लगभग तीन साल का समय लगा, इसमें 80 स्वतंत्रता सेनानियों का उल्लेख था और इसमें अधिकतर वे स्वतंत्रता संग्राम के हीरो शामिल थे, जिनके बारे में लोगों ने कभी भी नहीं सुना था।
  • इसके बाद ‘मिलेट रेसपी बुक’का डिजिटल अनावरण हुआ। इस किताब में होम कुकस की 34 व्यंजन विधियाँ शामिल हैं, जिन्हें चार श्रेणियों में बाँटा गया है।


बिहार Switch to English

पहली बार मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर हुआ बिहार, 8.46 लाख टन हुआ उत्पादन

चर्चा में क्यों?

2 मई, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार बिहार में वर्ष 2022-23 में कुल मछली उत्पादन 8 लाख 46 हज़ार टन हुआ। 2021-22 में 7.61 लाख टन की तुलना में यह 85 हज़ार टन अधिक है।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि बिहार में सालाना 8.02 लाख टन मछली की ज़रूरत रहती है।
  • बिहार पशु व मत्स्य संसाधन विभाग ने मछली उत्पादन का आँकड़ा तैयार किया है, जिसके अंतर्गत मधुबनी में सबसे अधिक 88.96 हज़ार टन, जबकि जहानाबाद में सबसे कम 1.55 हज़ार टन उत्पादन हुआ है।
  • पहली बार बिहार ने ज़रूरत से अधिक मछली का उत्पादन कर लिया है। अभी तक राज्य में मछली की ज़रूरत को पूरा करने के लिये लगभग 800 करोड़ की मछली आंध्र प्रदेश एवं राज्यों से मंगाना पड़ता था।
  • अब उत्पादन अधिक होने से मत्स्य व्यापारी दूसरे राज्यों में अधिक मछली भेजने में भी सफल होंगे।
  • उल्लेखनीय है कि बिहार से मछली का निर्यात पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल और नेपाल भी किया जाता है।

बिहार Switch to English

आईआईटी पटना और सी-डैक के मध्य हुआ एमओयू साइन

चर्चा में क्यों?

02 मई, 2023 को आईआईटी पटना में सितंबर 2023 तक सुपर कंप्यूटर स्थापित करने के लिये आईआईटी पटना और सी-डैक के बीच एमओयू साइन हुआ है।

प्रमुख बिंदु

  • इस एमओयू पर आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी एन सिंह और सी-डैक के महानिदेशक (डीजी) ई. मगेश ने हस्ताक्षर किया।
  • नेशनल सुपर कंप्यूटिंग मिशन के तहत इस वर्ष सितंबर तक आईआईटी सुपर कंप्यूटर पावर से लैस हो जाएगा। इस सुपर कंप्यूटर को लगाने की लागत 20 करोड़ रुपये होगी।
  • इस सुपर कंप्यूटर से 833 टेरा फ्लॉप या एक ट्रीलियन फ्लोटिन प्वाइंट ऑपरेशन के साथ डेटा की गणना कर सकते हैं।
  • उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से देश के नौ संस्थानों में आईआईटी पटना का चयन किया गया है।
  • यह सुपर कंप्यूटर एक मील का पत्थर साबित होगा और यह विभिन्न उद्देश्यों के लिये उच्च स्तर की डेटा गणना को बढ़ाएगा।
  • इसके द्वारा मौसम का पूर्वानुमान लगाने में मदद मिलेगी साथ ही इससे कृषि से लेकर बाढ़ की आशंका पर अलर्ट जारी किया जा सकेगा।
  • उद्यमिता के क्षेत्र में कार्यरत युवाओं को इससे बहुत लाभ मिलेगा।
  • सुपर कंप्यूटर आने से आर्टिफिशियल इंटीलिजेंस, बिग डेटा, सिक्योरिटी, क्वांटम सिमुलेशन, प्रोसेस सिमुलेशन एंड ऑप्टिमाइजेशन, कंप्यूटेशनल फ्यो डायनामिक्स, वेदर मॉडलिंग, डिजास्टर रिकवरी, ड्रग डिस्कवरी, मॉलिक्यूलर डायनेमिक्स, मशीन लर्निंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम हो सकेगा।
  • गौरतलब है कि इसका बुनियादी ढाँचा रुद्र सर्वर पर आधारित है, जिसे भारत में स्वदेशी रूप से डिजाइन, निर्मित और असेंबल किया गया है। यह आत्मनिर्भर भारत की ओर एक कदम है।


बिहार Switch to English

आईजीआईएमएस और सी-डेक के मध्य एमओयू

चर्चा में क्यों?

02 मई 2023 को बिहार के पटना में इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (IGIMS) संस्थान और विकास संगठन सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (C-DAC) ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत एक एमओयू साइन किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस संस्थान के निदेशक डॉ विनय कुमार, C-DAC पटना के निदेशक आदित्य कुमार सिन्हा और C-DAC के महानिदेशक ई मंगेश के उपस्थिति में एमओयू पर साइन कर किये गए।
  • इस एमओयू के होने से अब पटना शहर के इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (IGIMS) संस्थान में मशीन और सॉफ्टवेयर का उपयोग कर, डॉक्टर मरीजों का बेहतर इलाज करेंगे। बेहतर इलाज के लिये अब यहाँ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया जाएगा।
  • अब दोनों संस्थान मिलकर कैंसर सहित कई घातक रोगों और औषधियों के विकास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करेंगे और मरीजों का इलाज करेंगे।
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रयोग से स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल डाटाबेस तैयार करने,उपकरण के रखरखाव, स्टाफ की कमी दूर करने और प्रयोगशाला सुविधाओं को बढ़ाने तथा रोगों का शीघ्र पता लगाने और इसके निदान आदि में काफी मदद मिलेगी। यह मरीज और संस्थान दोनों के लिये काफी लाभप्रद साबित होगा।
  • उल्लेखनीय है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक ऐसा तकनीकी सिस्टम होता है जिसमें सॉफ्टवेयर के जरिये कंप्यूटर को इंसानों की तरह सोचने, समझने, काम करने और प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित की जाती है।यह आर्टिफिशियल तरीके से सोचने, समझने और सीखने की क्षमता रखता है।

राजस्थान Switch to English

नरेडको और राजस्थान आवासन मंडल के बीच हुआ एमओयू

चर्चा में क्यों?

2 मई, 2023 को केंद्रीय एजेंसी नेशनल रियल एस्टेट डवेलपमेंट काउंसिल  (NAREDCO)  और राजस्थान आवासन मंडल के मध्य एक एमओयू साइन किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस एमओयू के तहत आगामी 2 वर्षों में ’निपुण’ (नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर प्रमोशन ऑफ अपस्किलिंगं ऑफ निर्माण वर्कर्स) कार्यक्रम के अंतर्गत दोनों संस्थाएँ मिलकर राज्य के 20 हज़ार निर्माण श्रमिकों को ऑन साइट कौशल प्रशिक्षण देगी।
  • नरेडको के वाइस प्रेसिडेंट अशोक पाटनी ने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिये काउंसिल ने राजस्थान आवासन मंडल को नोडल एजेंसी बनाया है। मंडल के सहयोग से पहले चरण में मंडल के अधीन प्रदेश भर में चल रही 150 से अधिक परियोजनाओं से जुड़े हज़ारों श्रमिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके पश्चात् प्रदेश की अन्य संस्थाओं को जोड़ा जाएगा।
  • प्रशिक्षण के बाद निर्माण श्रमिकों को 3 साल के लिये 2 लाख रुपए का नि:शुल्क दुर्घटना बीमा भी करवाया जाएगा।
  • इस एमओयू के बाद आवासन मंडल देशभर में पहली ऐसी संस्था बन जाएगी जो सरकारी, गैर सरकारी, देहाड़ी पर आने वाले, बिल्डरों के निर्माण श्रमिकों को नरेडको के सहयोग से प्रोफेशनल तरीके से प्रशिक्षित कराएगी। यह प्रशिक्षण चल रहे काम के दौरान ऑन साइट ही दिया जाएगा, जिससे निर्माण कार्य भी बाधित नहीं होगा।
  • प्रशिक्षण समाप्ति पर श्रमिकों को नरेडको द्वारा प्रमाणपत्र एवं 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। इसमें मंडल पर कोई भी वित्तीय भार नहीं आएगा। इस प्रशिक्षण की सबसे बड़ी खास बात यह है कि प्रशिक्षण लेने के बाद श्रमिक अकुशल से कुशल की श्रेणी में आ सकेंगे, जिससे उनके मानदेय में भी बढ़ोतरी होगी।
  • प्रशिक्षण से श्रमिकों को होने वाले लाभ-
    • प्रशिक्षण में सफल उम्मीदवारों को सरकार द्वारा सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
    • प्रशिक्षण के बाद निर्माण श्रमिकों के आत्मसम्मान में होगी बढ़ोतरी।
    • अकुशल से कुशल श्रेणी में आने से मिलने वाला पारिश्रमिक भी बढ़ेगा।
    • प्रशिक्षण के बाद मिले सर्टिफिकेट से अन्य कार्यों में भी प्राथमिकता मिलेगी।
    • प्रशिक्षण समाप्ति पर श्रमिकों को नरेडको द्वारा प्रमाणपत्र एवं 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
    • प्रशिक्षण लेने वाले निर्माण श्रमिक निशुल्क दुर्घटना बीमा योजना से भी लाभान्वित होंगे।
    • प्रशिक्षित श्रमिकों को नई स्किल सीखने के साथ नए उपकरणों और तकनीकों की भी जानकारी मिलेगी।
    • व्यत्तिगत सुरक्षा की जानकारी से निर्माण कार्य के दौरान दुर्घटनाओं में कमी आएगी।


मध्य प्रदेश Switch to English

मुख्यमंत्री निवास पर मनाया गया लाड़ली लक्ष्मी उत्सव

चर्चा में क्यों?

2 मई, 2023 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी दिवस पर मुख्यमंत्री निवास परिसर में बेटियों के सम्मान, मार्गदर्शन और संवाद पर केंद्रित राज्य स्तरीय लाड़ली लक्ष्मी उत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को ‘हाँ मैं भी लाड़ली हूँ’की टेगलाईन देते हुए घोषणा की कि लाड़ली लक्ष्मी बेटियों का मेडिकल, आई.आई.टी., आईआईएम, विधि संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश होने पर उनकी फीस राज्य सरकार द्वारा भरी जाएगी।
  • लाड़ली लक्ष्मी बेटियों के लिये प्रदेश में 9 से 15 मई की अवधि में शहर और पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने योजना के प्रभावी मूल्यांकन पर प्रकाशित पुस्तिका का विमोचन किया और लाड़ली बालिकाओं को सम्मान और प्रमाण-पत्र वितरित किये। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी फ्रेंडली घोषित ग्राम पंचायतों को पुरस्कार भी प्रदान किये गए।
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी फ्रेंडली ग्राम पंचायतों में भोपाल की ग्राम पंचायत रानी खजूरी की सरपंच आनंदी बाई यादव, ग्राम पंचायत भाटनी ज़िला विदिशा की सरपंच कैलाश बाई, सीहोर की ग्राम पंचायत फूडरा के सरपंच तेज सिंह चौहान, रायसेन की ग्राम पंचायत सीयर मऊ के सरपंच रमेश शाह और राजगढ़ की ग्राम पंचायत छापरा के सरपंच कैलाश राजपूत को शॉल तथा प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
  • उल्लेखनीय है कि ऐसी ग्राम पंचायतें जहाँ लाड़लियों का सम्मान हो, शत-प्रतिशत बालिकाएँ स्कूल में प्रवेशित हो, सभी का टीकाकरण हो, कोई बेटी कुपोषित नहीं हो, कोई बालिका अपराध नहीं हो और जहाँ बाल विवाह नहीं हो, उन पंचायतों को लाड़ली लक्ष्मी फ्रेंडली पंचायत घोषित किया जाता है।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करने वाली लाड़ली बालिकाओं में झाबुआ की मुस्कान भूरिया को तीरंदाजी प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक, सिवनी की हिमानी बघेल को राज्य स्तर पर इंस्पायर अवार्ड, रतलाम की केशवी तिवारी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कराटे में और रतलाम की ही भव्या को खो-खो में राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धि के लिये ट्राफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
  • भोपाल की अनुष्का दुबे ने ताइक्वांडो में ओपन नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है, उनके प्रवास पर होने के कारण उनकी बहन ने मुख्यमंत्री से ट्राफी और प्रमाण-पत्र प्राप्त किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने तीन बालिकाओं को आश्वासन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किये।   


झारखंड Switch to English

झारखंड में 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

02 मई 2023 को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय, जगन्नाथपुर, धुर्वा में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा आयोजित 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का राज्यस्तरीय समारोह में शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय जगन्नाथपुर के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन तथा वेबसाइट का लोकार्पण किया। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय जगन्नाथपुर को सीबीएसई से संबद्धता संबंधित प्रमाणपत्र विद्यालय प्रधान को सौंपा गया।
  • मुख्यमंत्री ने 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का ऑनलाइन उद्घाटन एवं इन विद्यालयों में नामांकन की औपचारिक घोषणा की।
  • ये सभी 80 विद्यालय सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हैं, जहाँ बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जाएगी। इसके साथ राज्य के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अधिकार भी प्राप्त होगा।
  • विदित है कि राज्य सरकार ने पूरे राज्य में 80 ज़िला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय, 325 प्रखंड स्तरीय लीडर स्कूल और 4,091 ग्राम पंचायत स्तरीय आदर्श विद्यालय बनाने एवं सरकारी स्कूल के 15 लाख से अधिक बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य तय किया है।
  • इन विद्यालयों में अत्याधुनिक आधारभूत संरचना, लाइब्रेरी, सांइस लैब, डिजिटल स्मार्ट क्लास, सूचना प्रौद्योगिकी का मजबूत ढाँचा, खेल प्रशिक्षण समेत अन्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
  • विदित है कि 80 उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण दो चरणों में नेशनल सेंटर फॉर स्कूल लीडरशिप द्वारा कराया जा चुका है। 80 उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का दो चरण में प्रशिक्षण अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा पूर्ण कर लिया गया है।
  • जनवरी 2023 में प्रधानाध्यापकों में क्षमता वर्धन हेतु आईआईएम द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
  • इन उत्कृष्ट विद्यालयों के बच्चों को 11 ट्रेड में व्यवसायिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। बच्चों को एग्रीकल्चर, आईटी, आईटीईएस, अपारेल एण्ड मेडअप एण्ड होम फर्निशिंग, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, ऑटोमोटिव, टूरिज्म एंड हॉस्पिटालिटी समेत अन्य ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • संबंधित ट्रेड से जुड़े राज्य स्तरीय प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों के साथ इंडस्ट्रियल फील्ड विजिट की व्यवस्था की जा रही है ताकि भावी जीवन में उनके रुचि के अनुसार रोज़गार के अवसर भी उपलब्ध हो सके।


छत्तीसगढ़ Switch to English

आभार सम्मेलन में आँगनबाड़ी, सहायिका, मितानिनों के लिये मुख्यमंत्री ने की विभिन्न घोषणाएँ

चर्चा में क्यों?

2 मई 2023 को छतीसगढ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित आभार सम्मेलन में आँगनबाड़ी सहायिका, मितानिनों ने ताली बजाकर आभार व्यत्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न घोषणाएँ की।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिये 6 आँगनबाड़ी कार्यकर्त्ता और 5 मितानिनों को सम्मानित किया गया। साथ ही महिला कोष से 6 स्व-सहायता समूहों को 10 लाख रुपए के ऋण राशि का चेक सौंपा गया।
  • इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने अनेक घोषणाएँ की जिनमें प्रमुख हैं-
    • सक्षम योजना के अंतर्गत योजना के लाभ के लिये महिलाओं की वार्षिक आय की सीमा 1 लाख रुपए से बढ़ाकर 2 लाख रुपए किया जाएगा।
    • महिला समूहों को दिये जाने वाली ऋण राशि की सीमा 4 लाख से बढ़ाकर 6 लाख किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 5000 आँगनबाड़ी भवनों के निर्माण की घोषणा भी की।
    • 14 नवंबर को आँगनबाड़ी कार्यकर्त्ता, सहायिका को सम्मानित किया जाएगा।
    • ब्लॉक कोऑर्डिनेटर तथा मास्टर ट्रेनर के लिये पावस सत्र से व्यवस्था करने की घोषणा की।
    • आँगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 10 हज़ार एवं मितानिन बहनों को 2200 रुपए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।


उत्तराखंड Switch to English

दृष्टिपत्र 25, संकल्प 2022 की समीक्षा

चर्चा में क्यों?

उत्तराखंड के मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु की अध्यक्षता में सचिवालय में सरकार के ‘‘दृष्टिपत्र 25, संकल्प 2022’’ की समीक्षा की गई।

प्रमुख बिंदु

  • समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने जनरल बिपिन सिंह रावत पूर्व सैनिक क्रेडिट गारंटी योजना के तहत प्रदेश के पूर्व सैनिक इस योजना का लाभ अधिक से अधिक उठा पाएँ, इसके लिये प्रदेश का डाटा एकत्रित किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही इस परियोजना का प्रतिदिन मॉनिटरिंग किये जाने के भी निर्देश दिये।
  • उन्होंने मानसखंड सर्किट तक पहुंच आसान बनाने के लिये टनकपुर, रामनगर और हल्द्वानी से मानसखंड सर्किट के लिये सड़कों के विकास पर फोकस किये जाने के निर्देश दिये।
  • महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूती प्रदान करने के लिये उनके द्वारा बनाए उत्पादों को बाज़ार उपलब्ध कराया जाए। मार्केटिंग के लिये ऑनलाइन प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जाए। साथ ही राज्य में जन औषधि केंद्रों की संख्या अधिक से अधिक बढ़ाए जाने के निर्देश दिये।
  • प्रदेशभर में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिये अधिक से अधिक ईको टूरिज्म स्थल चिह्नित कर विकसित किये जाने के निर्देश दिये और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग कॉम्प्लेक्स विकसित किये जाने की दिशा में अधिक से अधिक प्रस्ताव लाने के निर्देश दिये।
  • मुख्य सचिव ने उत्कृष्ट विद्यालय बनाए जाने में तेजी लाते हुए योजना को शीघ्र धरातल पर उतारे जाने के निर्देश दिये एवं उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के अंतर्गत कॉलेजों के सुदृढ़ीकरण के साथ ही हॉस्टल उपलब्ध कराए जाने पर फोकस किये जाने के निर्देश दिये।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow