प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 02 Dec 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

काशी विद्यापीठ के इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति होंगी मुख्य अतिथि

चर्चा में क्यों?

29 नवंबर, 2023 को केंद्रीय पुस्तकालय के सभागार में हुई बैठक में बताया गया कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि होंगी।

प्रमुख बिंदु

  • विश्वविद्यालय का 45वाँ दीक्षांत समारोह 11 दिसंबर, 2023 को आयोजित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी
  • महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित एक विश्वविद्यालय है। पहले इसे केवल काशी विद्यापीठ के नाम से ही जाना जाता था, किंतु बाद (11 जुलाई, 1995) में इसे भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुन: समर्पित किया गया और उनका नाम इसके साथ जोड़ दिया गया।
  • काशी विद्यापीठ की स्थापना असहयोग आंदोलन के समय 10 फरवरी, 1921 (बसंत पंचमी के पावन अवसर पर) को बाबू शिव प्रसाद गुप्त द्वारा भदैनी, वाराणसी में की गई थी। गांधीजी ने इसकी आधारशिला रखी थी। शीघ्र ही काशी विद्यापीठ हिन्दी माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा का केंद्र बन गया।
  • जुलाई 1963 में इसे विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा मानद विश्वविद्यालय घोषित किया गया। 15 जनवरी, 1975 से इसे चार्टर्ड विश्वविद्यालय का दर्जा दे दिया गया।
  • महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पूर्व छात्रों में शामिल हैं-
    • चंद्रशेखर आजाद, भारतीय स्वतंत्रता सेनानी
    • लाल बहादुर शास्त्री, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री
    • रामकृष्ण हेगड़े, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री
    • बी.वी. केसकर, भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री
    • कलराज मिश्र, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल
    • भोला पासवान शास्त्री, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री
    • त्रिभुवन नारायण सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री
    • कमलापति त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री


बिहार Switch to English

बिहार में राजगीर महोत्सव की हुई शुरुआत

चर्चा में क्यों?

30 नवंबर, 2023 को बिहार में राजगीर महोत्सव की शुरुआत हुई। इसका उद्घाटन बिहार के वित्त एवं वाणिज्य कर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने किया।

प्रमुख बिंदु

  • पर्यटन विभाग एवं ज़िला प्रशासन नालंदा के सौजन्य से राजगीर महोत्सव का आयोजन 30 नवंबर से 2 दिसंबर, 2023 के बीच स्टेट गेस्ट हाउस मैदान में किया जा रहा है।
  • इस अवसर पर महिला महोत्सव, व्यंजन मेला, पुस्तक मेला, विभिन्न खेल प्रतियोगिता, दंगल प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, विभिन्न विभागों के स्टॉल, विभागीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम में मगध कला सांस्कृतिक केंद्र की तरफ से भागीरथ की गंगा नृत्य नाटिका, ऐश्वर्य निगम, दीपाली सहाय का सिंगिंग कार्यक्रम होगा।
  • इस महोत्सव के अवसर पर 7 दिवसीय ग्राम श्रीमेला का आयोजन 6 दिसंबर, 2023 तक होगा।
  • विदित है कि वर्ष 1986 में राजगीर महोत्सव की शुरुआत की गई थी।

 


मध्य प्रदेश Switch to English

इंदौर में होगा ब्लाइंड क्रिकेट टूर्नामेंट

चर्चा में क्यों?

30 नवंबर, 2023 को भारत में नेत्रहीनों के लिये क्रिकेट टूर्नामेंटों को संचालित करने वाली संस्था क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (कैबी) के चेयरमैन डॉ. महंतेश और जनरल सेक्रेटरी शैलेंद्र यादव ने बताया कि 8 से 11 दिसंबर, 2023 तक इंदौर में ब्लाइंड क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • कैबी और समर्थनम् ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड के संयुक्त तत्वावधान में इंदौर के इंडेक्स मेडिकल कॉलेज ग्राउंड में इस चार दिवसीय टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा।
  • टूर्नामेंट के प्रदर्शन के आधार पर क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया अगली ब्लाइंड भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिये खिलाड़ियों का चुनाव करेगी।
  • टूर्नामेंट के आयोजक रितमित प्रोडक्शन के डायरेक्टर अमित आचार्य ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य जोनल पुरुष टीमों को मंच प्रदान करना और देश में दिव्यांगजनों को खेल के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
  • टूर्नामेंट में कुल 7 मैच आयोजित किये जाएंगे, जिसमें 4 जोन से कुल 70 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे। टीमों को इंडिया ब्लू, इंडिया रेड, इंडिया ऑरेंज और इंडिया येलो कहा जाएगा।
  • यह टूर्नामेंट न केवल दिव्यांगजनों के लिये, बल्कि सभी भारतवासियों के लिये बेहद खास है। इन असाधारण खिलाड़ियों ने साल 2012 और 2014 में वर्ल्ड कप फॉर द ब्लाइंड और 2017 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर देश को गौरवान्वित किया है।


हरियाणा Switch to English

प्रदेश में स्थापित किये जाएंगे 6 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट

चर्चा में क्यों?

29 नवंबर, 2023 को प्रदेश के विभिन्न न्यायालयो में महिलाओं के विरूद्ध अपराध, जैसे- बलात्कार, छेड़छाड़ तथा मानसिक उत्पीड़न से संबंधित लंबित मामलों की सुनवाई के लिये 6 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • प्रत्येक ज़िला जहाँ उपरोक्त वर्णित श्रेणियों के 50 से अधिक मामले कोर्ट में लंबित है, वहाँ पर फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
  • प्रदेश के फरीदाबाद में दो तथा गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत तथा नूह ज़िला में 1-1 फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित की जाएगी।
  • हरियाणा पुलिस अकादमी में महिला जाँच अधिकारियों के लिये नियमित तौर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा रिफ्रेशर कोर्सेज कराए जा रहे हैं ताकि वे न केवल कानूनी प्रावधानों में हुए नए संशोधनों के बारे में अपडेटेड रहे, बल्कि मामले की प्रभावी तथा समयबद्ध तरीके से जाँच कर सके।
  • सीन ऑफ क्राइम टीम द्वारा घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिये सभी ज़िलों में जाँच अधिकारियों को इन्वेस्टिगेशन किट उपलब्ध करवाई गई है। यह इन्वेस्टिगेशन किट वैज्ञानिक तरीके से काफी उच्चतर है, जिससे जाँच प्रक्रिया को और अधिक निष्पक्ष बनाया जा सकता है।
  • महिला सुरक्षा की डीआईजी नाजनीन भसीन ने बताया कि महिला विरुद्ध अपराधों की मॉनिटरिंग को लेकर प्रदेश के प्रत्येक ज़िले में डीएसपी स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। महिला सुरक्षा को लेकर प्रदेश में 2 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
  • आपराधिक कानून संशोधन-2018 के अनुसार 12 वर्ष से कम आयु की लड़की के साथ बलात्कार होने पर मामले की जाँच 2 महीने की समयावधि में पूरे किये जाने का प्रावधान किया गया है। इस मामले में दोषी पाए जाने पर अधिकतम मृत्यु दंड का प्रावधान किया गया है।

 


हरियाणा Switch to English

हरियाणा सरकार ने सोनीपत ज़िले में 2 नए पुलिस स्टेशनों को मंज़ूरी दी

चर्चा में क्यों?

29 नवंबर, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोनीपत ज़िले के गाँव बरोटा और फरमाणा में 2 नए पुलिस स्टेशनों की स्थापना के लिये प्रशासनिक मंज़ूरी दी है।

प्रमुख बिंदु

  • गृह विभाग ने कुल क्षेत्रफल और जनसंख्या सहित भौगोलिक और जनसांख्यिकीय कारकों पर विचार करके पुलिस स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिसका उद्देश्य इस क्षेत्र के निवासियों के लिये सुरक्षा बढ़ाना है।
  • खरखौदा थाने के अंतर्गत आने वाले गाँव महीपुर, फरमाणा, निजामपुरा माजरा, मौजमनगर, रिढाऊ, गोरड़, बिधलाना, सिलाना गाँव को नए प्रस्तावित फरमाणा थाने में शामिल किया गया है।
  • इसी प्रकार खरखौदा थाने के अंतर्गत आने वाले गाँव मंडोरा, मंडौरी, हलालपुर, तुर्कपुर, झिंझौली को बरोटा थाने में शामिल किया गया है।
  • बरोटा में स्थापित होने वाला नया पुलिस स्टेशन लगभग 58,100 लोगों को सेवा प्रदान करेगा, जबकि फरमाणा पुलिस स्टेशन पर करीब 77,951 लोगों की सुरक्षा का ज़िम्मा रहेगा।


झारखंड Switch to English

राष्ट्रीय थांग-टा चैंपियनशिप में झारखंड को मिले 5 स्वर्ण सहित 23 पदक

चर्चा में क्यों?

हाल ही में खेलगाँव रांची में आयोजित 29वीं सब जूनियर तथा सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड थांग-टा टीम के खिलाडियों ने 5 स्वर्ण सहित कुल 23 पदक जीते।

प्रमुख बिंदु

  • धनबाद के राजकुमार किस्कू ने सीनियर वर्ग में 46 किलो भार वर्ग की स्पर्द्धा में अपने प्रतिद्वंद्वी पंजाब के नीलेश यादव को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
  • महिलाओं के 44 किलो भार वर्ग में पूनम कुमारी ने हरियाणा की कुमारी भतेरी को हारकर स्वर्ण पदक जीता।
  • राज्य के लिये संदीप कुमार पासवान, अनिल प्रसाद महतो, जुली कुमार, अक्षिता पंडित और शिव कुमार महतो सहित 6 खिलाड़ियों ने रजत पदक जीता।
  • राज्य के लिये उषा कुमारी, अनुकल्प प्रसाद, नैना कुमारी गुप्ता, मानशि केशरी, अनिकेत कुमार, निशांत कुमार, सिद्धांत श्रेष्ठ, उन्नति प्रिया, प्रिय केशरी सहित 12 खिलाडियों ने कांस्य पदक जीता।
  • मेजबान झारखंड की टीम ने 5 स्वर्ण, 6 रजत और 12 कांस्य पदक के साथ पाँचवें स्थान पर रही।
  • विदित हो कि मणिपुर ने ओवरआल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि जम्मू-कश्मीर दूसरे तथा असम की टीम तीसरे स्थान पर रही।

 


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2