प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 02 Nov 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

बुलंदशहर के अरविंद ने डबल्स रोइंग प्रतियोगिता मे जीता स्वर्ण पदक

चर्चा में क्यों?

1 नवंबर, 2023 को बुलंदशहर ज़िले के अरविंद सिंह ने गोवा में आयोजित नेशनल गेम्स में रोइंग के लाइट वेट मेंस डबल्स स्कल्स में अपने साथी अर्जुन लाल जाट के साथ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है।

प्रमुख बिंदु

  • विदित हो कि बुलंदशहर ज़िले के खुर्जा थाना क्षेत्र के खबरा गाँव निवासी अरविंद सिंह ने अक्तूबर में एशियन गेम्स में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।
  • अरविंद सिंह वर्ष 2016 से आर्मी में कार्यरत हैं। आर्मी के साथ-साथ वह रोइंग प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग करते हैं।
  • अरविंद सिंह रोइंग प्रतियोगिता में विभिन्न राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। टोक्यो ओलंपिक में भी वह प्रतिभाग कर चुके हैं। वहीं, साल 2021 और 2022 में उन्होंने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक और 2023 में रजत पदक अपने नाम किया।


बिहार Switch to English

डायट की गतिविधियों में में बिहार शीर्ष तीन राज्यों में शामिल

चर्चा में क्यों?

1 नवंबर, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीन स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी राज्यों के डायट की गतिविधियों के आधार पर अक्तूबर की रैंकिंग जारी की है, जिसमें बिहार शीर्ष तीन राज्यों में शामिल है। इसमें केरल पहले तो महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है।

प्रमुख बिंदु  

  • पिछले दो सालों में राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने लगातार बिहार के सभी डायट को शैक्षणिक विकास में लगा रखा है। शिक्षा मंत्रालय ने पहली बार रैंकिंग जारी की है ताकि यह पता चल सके कि शैक्षणिक कार्य में डायट का सहयोग कितना महत्त्वपूर्ण है।
  • दीक्षा पोर्टल पर शिक्षकों को नई तकनीक बताने में बिहार के डायट सबसे ऊपर हैं। बिहार में 33 ज़िला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान हैं, विकास के लिये डिजिटल कोर्स का निर्माण, संचालन का माध्यम डायट है।
  • पहले चरण में राज्य के सभी 33 डायट को शामिल कर डिजिटल कोर्स तैयार किया गया। डिजिटल कोर्स तैयार करने और उसका संचालन करने में बिहार देश में पहले पायदान पर है। यहाँ के सभी डायट ने अपना डिजिटल कोर्स डिजाइन और लॉन्च किया है।  
  • पिछले एक साल में दो लाख से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के साथ ही ज़िला स्तर पर छोटे-छोटे कोर्स डिजाइन किये गए। इससे शिक्षक ऑनलाइन जुड़कर इन कोर्स को कर पाते हैं।  
  • दीक्षा पोर्टल से राज्य के कुल 93 हज़ार 670 शिक्षक जुड़ चुके हैं। इन शिक्षकों को अब किसी कोर्स को करने के लिये कहीं जाने की ज़रूरत नहीं होती है।

मध्य प्रदेश Switch to English

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में तीन नए जजों ने सँभाला पदभार

चर्चा में क्यों?

1 नवंबर, 2023 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में तीन नए न्यायाधीशों जस्टिस राजमोहन सिंह, जस्टिस राजेंद्र कुमार चतुर्थ व जस्टिस दुपल्ला वेंकट रमना ने पदभार सँभाल लिया। मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमथ ने तीनों को शपथ दिलाई।

प्रमुख बिंदु

  • जस्टिस राजमोहन सिंह, जस्टिस राजेंद्र कुमार चतुर्थ व जस्टिस दुपल्ला वेंकट रमना तीनों क्रमश: पंजाब-हरियाणा, इलाहाबाद व आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट से स्थानांतरित होकर आए हैं।
  • उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति की अनुमति के बाद केंद्रीय विधि एवं न्याय विभाग ने गत दिनों तीनों न्यायाधीशों के स्थानांतरण की अधिसूचना जारी की थी।
  • मध्य प्रदेश हाइकोर्ट में कुल 53 स्वीकृत पदों के मुकाबले महज 31 जज कार्यरत थे। किंतु तीन नए जज आने के बाद यह संख्या बढ़कर 34 हो गई। इसके बाद भी 19 पद रिक्त हैं।

झारखंड Switch to English

झारखंड नेशनल फिल्म फेस्टिवल

चर्चा में क्यों?

1 नवंबर, 2023 को पूर्वी सिंहभूम के ज़िला मुख्यालय जमशेदपुर में झारखंड नेशनल फिल्म फेस्टिवल का चौथा संस्करण शुरू हुआ, जो 7 नवंबर तक चलेगा।

प्रमुख बिंदु

  • फेस्टिवल के संरक्षक पूर्वी घोष ने बताया कि इस फिल्म फेस्टिवल में देश-विदेश से लगभग 200 फिल्में आई, जिनमें से 60 फिल्में प्रदर्शन के लिये चुनी गईं। इन 60 फिल्मों को 7 दिनों के अंदर दिखाया जाएगा।
  • उन्होंने बताया कि 7 नवंबर को फिल्म अवार्ड समारोह एक्सएलआरआई टाटा ऑडिटोरियम बिष्टुपुर में आयोजित किया जाएगा।
  • अवार्ड समारोह में बॉलीवुड की अदाकारा व ‘राम तेरी गंगा मैली’की अभिनेत्री मंदाकिनी और झारखंड के लोकगायक पद्मश्री मुकुंद नायक भी मौजूद रहेंगे।
  • सिने अवार्ड समारोह में बेस्ट फिल्म, बेस्ट एक्टर व बेस्ट ऐक्ट्रेस पुरस्कार का वितरण किया जाएगा। इस दौरान ट्राइबल फैशन शो का आयोजन होगा। इसमें झारखंड की आदिवासी बालाएँ पारंपरिक आउटफिट में रैंप पर कैटवॉक करेंगी। वहीं, झारखंड के सिने कलाकारों को भी महोत्सव में मंच साझा करने का मौका मिलेगा।

उत्तराखंड Switch to English

अहमदाबाद में 20 हज़ार करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर करार

चर्चा में क्यों?

1 नवंबर, 2023 को वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिये अहमदाबाद में हुए रोड शो में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में 50 से अधिक उद्योग समूह के साथ 20 हज़ार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव पर एमओयू किये गए।

प्रमुख बिंदु

  • अहमदाबाद रोड शो में सीएम धामी और कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने उद्योग समूहों के साथ बैठक कर राज्य में उद्योग लगाने के लिये प्रोत्साहित किया। इसके बाद शीतल ग्रुप कंपनी, रैंकर्स हॉस्पिटल, जिवाया वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड, एस्ट्रल पाइप्स, वारमोरा टाइल्स, गुजरात अंबुजा, एमकेसी इंसा इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और अमूल के साथ निवेश पर एमओयू किया।
  • इसके अलावा कमोडिटी ट्रेडिंग, एडी मेहता लॉजिस्टिक्स, फ्रेंड्स एंड फ्रेंड्स ग्रुप ऑफ कंपनीज, पारेख वेंचर्स एलएलपी, वी मिलक इंटरप्राइजेज, आर्य ओशियन लॉजिस्टिक्स पार्क, हिन्दुस्तान ऑयल इंडस्ट्रीज, सुपैक इंडस्ट्रीज, श्रीजी ग्रुप, एनबी ग्रुप, शांताकारम निगम, अपोलो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, पंचकर्म होटल और रिसॉर्ट्स (ट्राइडेंट), साबरमती विश्वविद्यालय, लीला होटल और रिसॉर्ट्स, हॉप्स हेल्थकेयर, प्राइम फ्रेश, दत्त मोटर्स, नेक्सस इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ निवेश प्रस्ताव पर करार हुआ।
  • उल्लेखनीय है कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिये अब तक हुए छह रोड शो (लंदन, दुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बंगलुरू और अहमदाबाद) में 89300 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू हो चुका है।


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow