बिहार के 500 थानों में एक साथ महिला हेल्प डेस्क की सुविधा शुरू | 27 Feb 2023

चर्चा में क्यों?

26 फरवरी, 2023 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के 500 थानों में एक साथ महिला हेल्प डेस्क की सुविधा शुरू की। इसके साथ ही उन्होंने बिहार पुलिस का अपडेटेड वेबसाइट और सोशल मीडिया सेंटर का उद्घाटन भी किया।

प्रमुख बिंदु 

  • इन महिला हेल्प डेस्क को महिला पुलिस पदाधिकारी व महिला कर्मियों द्वारा ही संचालित किया जाएगा ताकि पीड़िताएँ आसानी से अपनी बात रख सकें। प्रथम चरण में 500 थानों में यह व्यवस्था की गई है।
  • अधिकारियों ने बताया कि बिहार पुलिस का नया वेबसाइट यूजर फ्रेंडली होगा। स्क्रीन रीडर की सुविधा होने से दृष्टिहीन भी इसके कंटेट को सुन सकते हैं।
  • इस वेबसाइट में सिटीजन सर्विस होने से आम व्यक्ति प्राथमिकी, गुमशुदा व्यक्तियों आदि के संबंध में जानकारी ले सकेंगे। इसमें ज़िलों के तमाम पुलिस अधिकारियों के नंबर भी उपलब्ध रहेंगे।
  • सोशल मीडिया केंद्र के शुभारंभ का उद्देश्य आम लोगों को यथाशीघ्र सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि भ्रामक खबरों का खंडन हो सके। यह हफ्ते में सात दिन और लगातार 24 घंटे काम करेगा।