मध्य प्रदेश से पहले मिस्टर इंडिया बने विनीत शर्मा | 26 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

25 अक्तूबर, 2022 को मध्य प्रदेश के अशोक नगर निवासी विनीत शर्मा ने देश की सबसे बड़ी पुरुष प्रतियोगिता मिस्टर इंडिया का खिताब अपने नाम किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके द्वारा प्रतिदिन आयोजित होने वाले पौधरोपण कार्यक्रम में विनीत शर्मा को शामिल कर उनके साथ पेड़ भी लगाया। साथ ही इस प्रतियोगिता को जीतने वाले प्रदेश के पहले युवा बनने पर इस गौरव को मध्य प्रदेश की उपलब्धि बताया।
  • ‘रूबरू मिस्टर इंडिया 2022’ विजेता विनीत शर्मा मिस्टर इंडिया संगठन के ब्रांड एंबेसडर हैं।
  • देश में सबसे बड़ी पुरुष प्रतियोगिता आयोजित कराने वाली कंपनी रूबरू मिस्टर इंडिया के 18वें संस्करण में जिन लोगों को फाइनलिस्ट के तौर पर सेलेक्ट किया गया था, उनमें विनीत मध्य प्रदेश के अकेले व्यक्ति थे।
  • इस प्रतियोगिता में करीब 30000 लोगों ने भाग लिया था। छह अलग-अलग राउंड में व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, कम्युनिकेशन स्किल एवं अपनी आकर्षक छवि के दम पर विनीत मिस्टर इंडिया के फाइनलिस्ट बने थे।
  • विनीत शर्मा वर्तमान में इंदौर में खुद की एक कंपनी त्र्यंबकेश्वर कंस्ट्रक्शन एवं इंटीरियर डिज़ाइन चलाते हैं। विनीत सिविल इंजीनियर हैं, इनकी रुचि पावर लिफ्टिंग, फिटनेस एवं स्पोर्ट में है।
  • विनीत शर्मा ने बताया कि रूबरू मि. इंडिया कंपनी पुरुष प्रतियोगिताओं के क्षेत्र में 70% हिस्सेदारी करती है। वह यह प्रतियोगिता वर्ष 2014 से संचालित कर रही है। इस बार इस कंपनी का यह 18वाँ सत्र है।
  • रूबरू मिस्टर इंडिया का पूरे विश्व में अधिकतम संख्या में इंटरनेशनल मॉडलिंग कंपटीशन एवं चैंपियनशिप से संबंध रखने का रिकॉर्ड है। इसके अलावा इसी कंपनी ने भारतीय मूल के सबसे ज़्यादा लोगों को अंतर्राष्ट्रीय पुरुष प्रतियोगिता में पुरस्कार एवं खिताब दिलाए हैं।