पूर्व मुख्य सचिव विजय वर्धन बने हरियाणा के मुख्य सूचना आयुक्त | 26 Mar 2022

चर्चा में क्यों?

25 मार्च, 2022 को हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव व सेवानिवृत्त आईएएस विजय वर्धन राज्य के नए मुख्य सूचना आयुक्त बन गए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।  

प्रमुख बिंदु 

  • इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त आईएएस सत्यवीर सिंह फुलिया को राज्य सूचना आयुक्त के रूप में पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। दोनों सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों ने हिन्दी में शपथ ली।
  • राज्यपाल ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15 की उपधारा 3 के अधीन गठित सर्च और वैधानिक समिति की सिफारिश पर ये नियुक्तियाँ की हैं।
  • गौरतलब है कि राज्य सरकार ने मुख्य सूचना आयुक्त व राज्य सूचना आयुक्त के खाली पदों को भरने के लिये इसी माह इस समिति का गठन किया था। समिति ने दोनों पदों के लिये आए आवेदनों की छँटनी के बाद वर्धन व फुलिया के नाम पर मुहर लगाई थी।
    • मुख्य सूचना आयुक्त का पद सेवानिवृत्त डीजीपी यशपाल सिंघल का कार्यकाल 23 मार्च को पूरा होने पर खाली हुआ था। 27 अप्रैल, 2017 को इस पद पर उनकी नियुक्ति हुई थी।