‘हर घर जल योजना’ के तहत नल कनेक्शन देने में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष पर | 30 Oct 2023

चर्चा में क्यों? 

27 अक्तूबर, 2023 को मिडिया से मिली जानकारी के अनुसार जल जीवन मिशन की ‘हर घर जल योजना’ के तहत नल कनेक्शन देने में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष स्थान पर है। अब तक उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक करोड़ 60 लाख 57 हज़ार 65 ग्रामीण परिवारों तक नल से शुद्ध जल पहुँचा दिया गया है।  

प्रमुख बिंदु  

  • नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की ओर से राज्य में ग्रामीण आबादी को स्वच्छ पेयजल पहुँचाने का महाभियान जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना से स्वच्छ जल ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँचाने के लिये शुरू किया गया है।
  • उत्तर प्रदेश सबसे अधिक नल कनेक्शन देने वाला राज्य बन गया है। राज्य में योजना से प्रत्येक दिन 40 हज़ार से अधिक ग्रामीणों तक नल कनेक्शन पहुँचाने का काम किया जा रहा है। 
  • 2019 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 5 लाख 16 हज़ार 221 परिवारों तक ही नल कनेक्शन थे, वहीं बीते साढ़े तीन सालों में उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 60 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को उनके घर पर ही पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया गया है।
  • हर घर जल योजना- 
    • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अगस्त 2019 में शुरू की गई थी। यह मिशन वर्ष 2024 तक कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन (FHTC) के माध्यम से प्रत्येक ग्रामीण परिवार को प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 55 लीटर जल की आपूर्ति की परिकल्पना करता है। 
    • यह जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत आता है। 
    • इस मिशन का लक्ष्य मौजूदा जल आपूर्ति प्रणालियों एवं जल कनेक्शन, जल गुणवत्ता निगरानी और परीक्षण के साथ-साथ सतत् कृषि की कार्यक्षमता सुनिश्चित करना है।
    • यह संरक्षित जल के संयुक्त उपयोग को सुनिश्चित करता है। इसके साथ ही यह पेयजल स्रोत में वृद्धि, पेयजल आपूर्ति प्रणाली, ग्रे जल उपचार और पुन: उपयोग को भी सुनिश्चित करता है।