उत्तर प्रदेश पुलिस का एंथम सॉन्ग लांच किया गया | 19 Aug 2023

चर्चा में क्यों?

16 अगस्त, 2023 को उत्तर प्रदेश पुलिस के एंथम सॉन्ग को सोशल मीडिया के सभी महत्त्वपूर्ण प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • ‘चट्टानों की ज़िद पिघला दी, बाज़ू को आग बनाया है, काँधे पर सितारे नहीं हमने यूपी का मान सजाया है…’ उत्तर प्रदेश पुलिस ने यह एंथम सॉन्ग जारी किया है।  
  • इस गाने को गीतकार रितेश रजवाडा ने लिखा है जबकि कुँवर अंशिथ ने इसे गाया है। वहीं, एडिटिंग वैभव नायक ने पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया टीम के साथ मिलकर की है।
  • स्वतंत्र भारत के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यहाँ के निवासियों, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को याद करने के उद्देश्य से 12 मार्च, 2021 को आरंभ हुए आज़ादी के अमृत महोत्सव का 15 अगस्त, 2023 को समापन हुआ।
  • इसी क्रम में खाकी के त्याग, बलिदान और तपस्या की भावना को सम्मिश्रित करने के लिये एक वर्ष के अथक परिश्रम के उपरांत उत्तर प्रदेश पुलिस का एक एंथम सॉंग बनाया गया है, जिसे 16 अगस्त को सोशल मीडिया के सभी महत्त्वपूर्ण प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया।
  • 24 घंटे से भी कम समय में इसे ट्विटर पर लगभग 66 हज़ार लोगों ने देखा और 800 से अधिक लोगों ने रिट्वीट किया। साथ ही यूपी पुलिस के इस एंथम सॉंन्ग को विभिन्न राज्यों की पुलिस एवं केंद्रीय बलों के द्वारा भी अपने सोशल मीडिया एकाउंट से शेयर किया जा रहा है।