राजस्थान
बर्तन बैंक योजना
- 16 Apr 2025
- 3 min read
चर्चा में क्यों?
12 अप्रैल, 2025 को राजस्थान के बारां ज़िले को प्लास्टिक मुक्त बनाने हेतु राज्य शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने बर्तन बैंक योजना का शुभारंभ किया।
मुख्य बिंदु
- यह योजना विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई गई है।
- योजना के तहत तीन रुपए में बर्तन सेट किराए पर उपलब्ध होंगे, जो शादी और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिये उपयोग किये जा सकेंगे।
- प्रारंभ में 24 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है और भविष्य में सभी ग्राम पंचायतों में बर्तन बैंक स्थापित किये जाएंगे।
- हर बर्तन पर ग्राम पंचायत का नाम और 'स्वच्छ भारत मिशन' अंकित किया जाएगा।
- विशेष वर्गों, जैसे बीपीएल, अनुसूचित जाति, जनजाति और दिव्यांगजन को किराए में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी।
- बर्तनों की देखरेख स्वयं सहायता समूहों के जिम्मे होगी और संचालन राजीविका के माध्यम से किया जाएगा।
- राजीविका राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत एक कार्यक्रम है, जो स्वयं सहायता समूहों (SHG) और अन्य आजीविका पहलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित है।
- योजना के लिये राज्य सरकार ने प्रत्येक ग्राम पंचायत को 1 लाख रुपए की राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है।
स्वच्छ भारत मिशन (SBM):
परिचय
- यह एक वृहत जन आंदोलन है जिसका लक्ष्य वर्ष 2019 तक स्वच्छ भारत का निर्माण करना था। महात्मा गांधी सदैव स्वच्छता पर बल देते थे क्योंकि स्वच्छता से स्वस्थ और समृद्ध जीवन की राह खुलती है।
- इसी बात को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने 2 अक्टूबर 2014 (गांधी जयंती) के अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन की नींव रखी। यह मिशन सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को दायरे में लेता है।
- इस मिशन के शहरी घटक का क्रियान्वयन आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा और ग्रामीण घटक का क्रियान्वयन जल शक्ति मंत्रालय द्वारा किया जाता है।