केंद्रीय गृह मंत्री ने हरियाणा में 6,600 करोड़ रुपए से अधिक लागत की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया | 28 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

27 अक्टूबर, 2022 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के लिये 6,600 करोड़ रुपए से अधिक लागत की चार परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।

प्रमुख बिंदु 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने लगभग 5,618 करोड़ रुपए लागत की हरियाणा ‘ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना’ का शिलान्यास तथा सोनीपत ज़िले के बड़ी गाँव में बने 590 करोड़ रुपए लागत के रेल कोच नवीनीकरण कारखाने का उद्घाटन किया।
  • उन्होंने 315 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से रोहतक में बने देश के पहले सबसे लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने भोंडसी में 106 करोड़ रुपए की लागत के हरियाणा पुलिस आवास परिसर का उद्घाटन भी किया, जिसमें 576 पुलिस कर्मियों के परिवार रह सकेंगे।
  • इस मौके पर केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेल कोच नवीनीकरण कारखाना से बहुत बड़ा इको सिस्टम तैयार होगा तथा रेलवे ने हरियाणा के सात स्टेशनों का कंपलीट रिडेवलपमेंट सेक्शन किया है।
  • उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में 262 करोड़ की लागत से वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन का टेंडर फाइनल हो गया है। इसी तरह से गुरुग्राम, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, करनाल, कुरुक्षेत्र और पानीपत में वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाने के मास्टर प्लान की तैयारी है।