प्रभात खबर के पत्रकार नागेश्वर को मिला ‘जनजातीय गौरव सम्मान’ | 17 Nov 2022

चर्चा में क्यों?

हाल ही में मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के प्रभात खबर अखबार के पत्रकार नागेश्वर को भगवान बिरसा मुंडा की 147वीं जयंती की पूर्व संध्या पर झारखंड इंटेलेक्चुअल फोरम एवं प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर भारत के सौजन्य से मुंबई के नरीमन प्वाइंट पर स्थित यशवंत राव सेंटर में आयोजित समारोह में ‘जनजातीय गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस कार्यक्रम में झारखंड के सबसे ज्यादा प्रसारित हिन्दी दैनिक प्रभात खबर के बारे में विस्तार से बताया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रभात खबर झारखंड में तो नंबर वन अखबार है ही, उसने कई राज्यों में भी मज़बूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
  • विदित है कि आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत को सामने लाने का कार्य विरसा मुंडा ने किया था। आदिवासी धरोहर और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को हर साल उनकी जयंती पर याद किया जाता है। पिछले साल 2021 में केंद्र सरकार ने बिरसा मुंडा की जयंती को देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।
  • समारोह के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा झारखंड के क्रांतिकारी महानायक थे। महाराष्ट्र में झारखंडी मूल के लोगों को उनकी गाथा से अवगत कराकर महाराष्ट्र में झारखंड के लोगों को संगठित करने का प्रयास किया गया है।