‘मिशन हरियाणा कर्मयोगी’ के तहत नैतिक व्यवहार मुख्य प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण आरंभ | 22 Nov 2023

चर्चा में क्यों?

20 नवंबर, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विडियो संदेश के माध्यम से हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन, हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान गुरुग्राम व इसी संस्थान के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र पंचकुला में ‘मिशन हरियाणा कर्मयोगी’ के तहत मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण का शुभांरभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • ये मास्टर ट्रेनर सरकारी कर्मचारियों में सेवा-भाव और नैतिक व्यवहार को मज़बूत करने का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे तथा इसके बाद अपने-अपने ज़िले में लगभग 3.3 लाख सरकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विडियो संदेश के माध्यम से कहा कि हरियाणा अपने कर्मियों के लिये कर्मयोगी मिशन को प्रारंभ करने वाला पहला राज्य है।
  • इस अवसर पर हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने भी विडियो संदेश के माध्यम से कहा कि यह नैतिकता प्रशिक्षण कार्यक्रमों में एक अग्रणी कार्यक्रम हैं जिसके तहत प्रदेश के सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने जा रहे हैं।
  • हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान की महानिदेशक चंद्रलेखा मुखर्जी ने कहा कि मिशन कर्मयोगी हरियाणा, राज्य सरकार के नैतिक प्रशिक्षण की एक अनुठी पहल है इसके अंतर्गत सरकारी कर्मचारियों में सेवाभाव और नैतिक व्यवहार जागृत करने के लिये हरियाणा प्रदेश के लभगभ 3.3 कर्मियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
  • इस कार्य को पूर्ण करने के लिये प्रथम चरण में लगभग 3 हज़ार मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आरंभ हुआ है। यह प्रशिक्षण समूह में दिया जाएगा और एक समूह में 150 मास्टर ट्रेनर भाग लेंगे, जिनको आगे 30-30 के पांच उप-समूहों में बांटा गया है।
  • इस प्रकार 3 उप-समूहों के लिये हरियाणा पुलिस अकादमी में, एक उप-समूह के लिये हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान गुरुग्राम में तथा एक समूह को संस्थान के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र पंचकुला में दो-दो दिन का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। द्वितीय चरण में ये सभी मास्टर ट्रेनर जोड़ी बनाकर आगे 30-30 के समूह में 300 कर्मचारियों को नैतिक व्यवहार जागृति का प्रशिक्षण देंगे।