पर्यटन मंत्री ने पर्वतारोहण अभियान दल को फ्लैग ऑफ कर किया रवाना | 20 Sep 2023

चर्चा में क्यों?

19 सितंबर, 2023 को उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने 6 हज़ार 316 मीटर ऊँचे बंदरपूंछ और 6 हज़ार 512 मीटर ऊँची भागीरथी द्वितीय पर्वत श्रृंखला की चढ़ाई के लिये 12 सदस्यीय 2 दलों को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। 

प्रमुख बिंदु  

  • उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद तथा भारतीय पर्वतारोहण संघ के संयुक्त तत्वावधान में इस पर्वतारोहण अभियान को अंजाम दिया जा रहा है। 
  • इस मौके पर सतपाल महाराज ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य में साहसिक खेलों को बढ़ावा देकर स्थानीय निवासियों को स्वरोज़गार के अवसर देना है। 
  • पर्यटन मंत्री ने कहा कि गांसे (गौरी) और औली को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है ताकि यह पर्यटन स्थल संपूर्ण एशिया को अपनी ओर आकर्षित करे। राज्य में साहसिक पर्यटन के लिये पर्याप्त स्थान हैं। इनको विकसित करते हुए साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।  
  • उन्होंने कहा कि नालंग-जादुंग क्षेत्र को सरकार की ओर से पर्यटन के लिये खोला जा रहा है। क्लाईमेंटाइजेशन को ध्यान में रखकर यात्रा करवाई जाए इसके लिये यात्रा को रेगुलेट करना ज़रूरी है।