छत्तीसगढ़ के तीन पुलिस अधिकारी फिक्की अवॉर्ड से सम्मानित | 27 Sep 2023

चर्चा में क्यों?

  • 26 सितंबर, 2023 को जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश की प्रतिष्ठित फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) संस्था द्वारा छत्तीसगढ़ के तीन पुलिस अधिकारियों को स्मार्ट पुलिसिंग अवॉर्ड-2022 से सम्मानित किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • गौरतलब है कि देश की प्रतिष्ठित फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) संस्था द्वारा विगत कई वर्षों से अच्छे कार्यों तथा बेस्ट प्रेक्टिसेस पर राज्य के पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया जाता रहा है।
  • इसी कड़ी में 15 सितंबर, 2023 को नई दिल्ली में संस्था द्वारा राज्य के तीन पुलिस अधिकारियों आईपीएस डॉ. अभिषेक पल्लव, आईपीएस मयंक गुर्जर तथा आईपीएस पूजा अग्रवाल को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
  • कम्युनिटी पुलिसिंग केटेगरी में ज़िला दंतेवाड़ा में चलाए गए ‘लोन वर्राटू’अभियान के लिये दंतेवाड़ा के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव (आईपीएस), जो वर्तमान में ज़िला कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक हैं, को सम्मानित किया गया।
  • ‘लोन वर्राटू’अभियान का अर्थ होता है ‘घर वापस आइये। यह अभियान उन नक्सलियों के लिये चलाया गया, जो लाल आतंक का रास्ता छोड़कर वापस समाज की मुख्य धारा में शामिल होने का इरादा रखते थे। इस अभियान के तहत कई नक्सलियों ने आतंक का रास्ता छोड़ा।
  • सर्विलांस एवं मॉनिटरिंग केटेगरी में ज़िला राजनांदगाँव में चलाए गए ‘त्रिनेत्रम’अभियान के लिये तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक, राजनांदगाँव एवं वर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक, आज़ाद चौक, रायपुर मयंक गुर्जर (आईपीएस) को सम्मानित किया गया है।
  • ‘त्रिनेत्रम’अभियान सर्विलांस एवं मॉनिटरिंग हेतु चलाया गया अभियान है, जिसके तहत सीसीटीवी निगरानी को राजनांदगाँव शहर में बढ़ाया गया था। इससे पुलिस को कई केसों को सुलझाने और अपराधियों पर नकेल कसने में मदद मिली थी।
  • वूमेन सेफ्टी केटेगरी में राज्यस्तरीय ‘अभिव्यक्ति’कार्यक्रम के लिये पूजा अग्रवाल, सहायक पुलिस महानिरीक्षक, सीआईडी, पुलिस मुख्यालय को फिक्की स्मार्ट पुलिसिंग अवॉर्ड-2022 से सम्मानित किया गया है।
  • अभिव्यक्ति अभियान के ज़रिये महिलाओं को मोबाइल के माध्यम से सुरक्षा मुहैया कराने की कवायद शुरू की गई थी।