प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी ज़िला जेल प्रयागराज में बनकर तैयार | 16 Nov 2023

चर्चा में क्यों?

15 नवंबर, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी ज़िला जेल प्रयागराज के नैनी में बनकर तैयार हो गई है। नैनी सेंट्रल जेल की क्षमता से ज़्यादा रह रहे बंदियों को दिसंबर में इस नई ज़िला जेल में शिफ्ट किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • विदित हो कि प्रयागराज के नैनी सेंट्रल जेल में क्षमता से दो गुना ज़्यादा कैदी बंद हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका बोझ कम करने के लिये निर्देश दिये थे, जिसके बाद नैनी ज़िला जेल का निर्माण किया गया है।
  • 2800 कैदियों को रखने की क्षमता वाली नैनी की ज़िला जेल प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी जेल है। इसे 173 करोड़ रुपए की लागत से कुल 65 एकड़ भूमि पर बनाया गया है।
  • इस जेल में बारिश के पानी का संचयन, सीवेज उपचार संयंत्र और यहाँ तक कि महिला कैदियों के छोटे बच्चों के लिये क्रेच की सुविधाएँ भी रहेंगी।
  • प्रयागराज की सेंट्रल जेल में 2,060 बंदियों को रखने की क्षमता है, लेकिन इस जेल में क्षमता से कहीं अधिक 4,263 कैदियों को रखा जाता है। इस जेल को अब दिसंबर से कैदियों के बोझ से राहत मिलने जा रही है। नैनी सेंट्रल जेल से कुछ कैदियों को अब इस नवनिर्मित नैनी ज़िला जेल में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।