‘तारबंदी योजना’ में प्रदेश पूरे देश में अव्वल | 04 Aug 2023

चर्चा में क्यों?

2 अगस्त, 2023 को राजस्थान के कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने विधानसभा में बताया कि किसानों की फसलों को आवारा पशुओं एवं अन्य जानवरों से सुरक्षा हेतु ‘तारबंदी योजना’ के तहत कृषकों को लाभान्वित करने की दृष्टि से राज्य देश में सबसे अव्वल है। 

प्रमुख बिंदु  

  • कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने प्रश्नकाल में विधायकों की ओर से इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि तारबंदी योजना के तहत कृषकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से वर्ष 2023-24 में कुल 444.40 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।  
  • उन्होंने बताया कि अभी तक योजना के अंतर्गत 4 करोड़ रुपए से अधिक व्यय किये गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो लक्ष्य निर्धारित हैं, उन्हें फसल कटाई के बाद पूर्ण किये जाने के प्रयास किये जाएंगें। 
  • उन्होंने कहा कि इस योजना से प्रभावित होकर अब उत्तर प्रदेश में भी योजना को शुरू किया जा रहा है, लेकिन वर्तमान में तारबंदी योजना के तहत किसानों की फसलों की जानवरों से सुरक्षा हेतु उनके खेतों के चारों तरफ तारबंदी करवाने के लिये राज्य सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराने में प्रदेश पूरे देश में अव्वल है।  
  • इससे पहले विधायक नरेंद्र नागर के मूल प्रश्न के जवाब में कृषि मंत्री ने बताया कि योजना के प्रारंभ वर्ष 2017-18 से वर्ष 2022-23 तक कुल 69 करोड़ 66 लाख 42 हज़ार रुपए खर्च किये गए है।  
  • कटारिया ने बताया कि 3 वर्षों में विधानसभा क्षेत्र खानपुर में तारबंदी योजना के अंतर्गत  127 कृषकों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने लाभान्वित कृषकों का वर्षवार संख्यात्मक विवरण सदन के पटल पर रखा।