दुनिया की सबसे ऊँची सड़क ‘उमलिंगला’ पर पहुँचने वाली छपरा की सबिता बनीं पहली महिला साइकिलिस्ट | 30 Jun 2022

चर्चा में क्यों?

28 जून, 2022 को बिहार के छपरा ज़िले की सबिता महतो दुनिया की सबसे ऊँची सड़क उमलिंगला पर साईकिल से सफर तय करने वाली दुनिया की पहली महिला साइकिलिस्ट बन गई हैं।

प्रमुख बिंदु

  • सबिता ने उमलिंगला तक पहुँचने के लिये रोथन ला, बारालाचाला, नाकिला, लाचुनला, तनलंगला और नोरबुला को पार किया है।
  • उल्लेखनीय है कि भारत के सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने 2020 में चीन की सीमा के पास लद्दाख में दुनिया की सबसे ऊँची सड़क उमलिंगला बनाई है, जिसे 2021 में गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया था। यह सड़क पूर्वी लद्दाख के उमलिंगाला दर्रे में स्थित है। इसकी ऊँचाई समुद्र तल से 19,300 फीट है।
  • सबिता महतो ने अपनी यह यात्रा नई दिल्ली से 5 जून को शुरू की और 28 जून को उमलिंगला पहुँचकर खत्म की। इस यात्रा को रोडिक ने स्पांसर किया था। सबिता ज़ल्द गिनीज़ बुक ऑफ रिकॉर्ड के लिये अप्लाई करेंगी।
  • विदित है कि सबिता ने टाटा स्टील में नौकरी छोड़कर साइकिलिंग करने का मन बनाया। उन्होंने ऑल इंडिया ट्रैवलिंग के दौरान 12,500 किलोमीटर की दूरी तय की है। वह पहली भारतीय लड़की हैं, जिन्हें 12,500 किलोमीटर की यात्रा तय करने का खिताब मिला है। वे विभिन्न राज्यों के अलावा अन्य देश, जैसे- श्रीलंका, भूटान, नेपाल समेत पूरे देश का भ्रमण कर चुकी हैं। अभी तक साइकिल से उन्होंने कुल मिलाकर 35,000 किलोमीटर की दूरी तय की है।