प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

State PCS Current Affairs


हरियाणा

विश्व धरोहर एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा प्रसिद्ध ऐतिहासिक शहर अग्रोहा

  • 17 Oct 2023
  • 4 min read

चर्चा में क्यों?

15 अक्तूबर, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में अग्रोहा धाम के ऐतिहासिक पुरातत्त्व स्थल पर एक प्रतिष्ठित संग्रहालय की स्थापना की जाएगी। साथ ही राखीगढ़ी की तर्ज़ पर अब ऐतिहासिक स्थल अग्रोहा को विकसित किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंचकूला में प्रथम नवरात्रि के अवसर पर माता मनसा देवी मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना करने के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।
  • मनोहर लाल ने कहा कि अग्रोहा के पुरातात्त्विक स्थल को महाराजा अग्रसेन की राजधानी माना जाता है। इस स्थल के विकसित होने से न केवल आस्था का यह केंद्र विश्व में अपनी पहचान बनाएगा, बल्कि यह स्थल पर्यटन के रूप में भी विख्यात होगा।
  • केंद्र सरकार ने अग्रोहा पुरातात्त्विक स्थल एवं निकटवर्ती क्षेत्र का समग्र विकास राखीगढ़ी मॉडल के अनुसार एमओयू के माध्यम से करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
  • उन्होंने बताया कि अग्रोहा पुरातत्त्व स्थल की खुदाई भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (एएसआई) और हरियाणा राज्य पुरातत्त्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी। खुदाई शुरू करने से पहले, राज्य सरकार द्वारा संभावित क्षेत्रों में जीपीआर सर्वेक्षण किया जाएगा। उसके बाद एएसआई और हरियाणा सरकार के बीच जॉइंट एमओयू होगा।
  • विदित हो कि हरियाणा के हिसार ज़िले में केंद्रीय संरक्षित स्थल अग्रोहा में उत्खनन के संबंध में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी को अगस्त माह में पत्र लिखा था। मुख्यमंत्री ने इच्छा जताई थी कि हरियाणा सरकार प्रसिद्ध ऐतिहासिक शहर अग्रोहा, तहसील आदमपुर, ज़िला हिसार में पुरातात्त्विक विरासत को उजागर करना चाहती है, ताकि राज्य के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक क्षेत्र में एक महत्त्वपूर्ण अध्याय जुड़े।
  • उन्होंने इस स्थल को हरियाणा में एक भव्य विरासत स्थल में बदलने और पुरातत्त्व स्थल संग्रहालय की स्थापना के लिये एक परियोजना शुरू करने का भी अनुरोध किया है।
  • खुदाई के दौरान अग्रोहा जनपद (गणराज्य) के सिक्कों की खोज और महाभारत सहित प्राचीन साहित्य में इसका प्राचीन नाम ‘अग्रडोका’ का आना इसके गणतंत्र का मुख्यालय होने के पर्याप्त प्रमाण हैं।
  • अग्रोहा शहर तक्षशिला और मथुरा के बीच प्राचीन व्यापार मार्ग पर स्थित था और इसलिये यह वाणिज्य और राजनीतिक गतिविधियों का एक महत्त्वपूर्ण केंद्र बना रहा। पहले की खुदाई से इस स्थल की क्षमता साबित हुई और लगभग चौथी शताब्दी से लेकर चौदहवीं शताब्दी ईस्वी तक की पाँच अलग-अलग सांस्कृतिक अवधियों का पता चला है।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्त हरियाणा में 100 से अधिक पुरातत्त्व स्थलों की पहचान की गई है। इन्हें केंद्र व राज्य सरकार मिलकर विकसित कर रही हैं। जिस प्रकार राखीगढ़ी की विरासत को संरक्षित करने के लिये केंद्र सरकार द्वारा लगभग 23 करोड़ रुपए प्रदान किये जा रहे हैं, उसी प्रकार अग्रोहा के लिये भी वित्तपोषण प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार भी पर्याप्त मात्रा में बजट उपलब्ध करवाएगी।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow