गढ़वा घाट पर बनेगा बनारस का पहला रिवर फ्रंट | 10 Aug 2023

चर्चा में क्यों?

9 अगस्त, 2023 को उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग के उप निदेशक आर.के. रावत ने बताया कि बड़े महानगरों की तर्ज़ पर प्रदेश के बनारस में भी रिवर फ्रंट बनाने की योजना है। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है, जिससे बनारस में पर्यटन के अध्याय में एक और कड़ी जुड़ेगी।  

प्रमुख बिंदु 

  • बनारस में हाइवे से सटे गंगा किनारे गढ़वा घाट पर रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। नमो घाट की तरह इस घाट को भी सजाया सँवारा जाएगा और इसे पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा। यह रिवर फ्रंट पर्यटन को और ऊँचाइयों पर ले जाएगा। 
  • इस योजना का प्रस्ताव पर्यटन विभाग ने शासन को भेज दिया है। करीब नौ करोड़ रुपए की लागत से गढ़वा घाट को रिवर फ्रंट का रूप दिया जाएगा। 
  • विदित है कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद से पर्यटकों का आकर्षण वाराणसी की ओर बढ़ा है। घाटों से अविरल निर्मल गंगा को निहारने और नौका विहार से लेकर शहर के अन्य पर्यटन स्थलों से रूबरू होने वाले पर्यटकों की संख्या में दिनों-दिन इजाफा हो रहा है। ऐसे में पर्यटन विभाग इस शहर को पर्यटन के लिहाज से और विकसित कर रहा है।  
  • गढ़वा घाट में फूड कोर्ट, किड्स ज़ोन, पार्किंग, आकर्षक टेबल व कुर्सियाँ, हरियाली के तहत ग्रीन गार्डेन, शेड, सेल्फी पॉइंट आदि सभी सुविधाएँ यहाँ पर्यटकों को मिलेंगी। 
  • अधिकारियों के अनुसार शहर के एक छोर पर स्थित गढ़वा घाट आकर्षण का केंद्र होगा। यहाँ हर किसी की पहुँच सुलभ और आसान होगी। शहर के अंदरूनी रास्ते और गंगा के रास्ते भी पर्यटक यहाँ आसानी से आ सकेंगे। हाइवे से सटे होने के कारण लोगों को यहाँ आने में सुविधा होगी।