कमिश्नर ने किया स्पेशल हैंडलूम एक्सपो का शुभारंभ | 16 Feb 2022

चर्चा में क्यों?

15 फरवरी, 2022 को छतीसगढ़ के बिलासपुर कमिश्नर डॉ. संजय अलंग ने तरण पुश्कर मैदान में स्पेशल हैंडलूम एक्सपो तथा प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • एक्सपो में 7 राज्यों से आए बुनकरों की हथकरघा कला को खूबसूरत तरीके से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का आयोजन आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विविध कार्यक्रमों की कड़ी में किया गया। यह प्रदर्शनी आगामी 27 फरवरी तक चलेगी। इस दौरान प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक प्रदर्शनी खुली रहेगी। 
  • कमिश्नर डॉ. संजय अलंग ने शुभारंभ के बाद विभिन्न स्टॉलों का दौरा कर बुनकर कलाकारों से मुलाकात की एवं वस्त्र प्रदर्शनी के नमूनों का अवलोकन किया। 
  • प्रदर्शनी का आयोजन भारत सरकार के हथकरघा विकास आयुक्त तथा संत रविदास मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम भोपाल द्वारा स्थानीय ज़िला प्रशासन के सहयोग से किया गया है। 
  • प्रबंध संचालक अनुभा श्रीवास्तव ने बताया कि हथकरघा कलाकारों की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें बाज़ार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह प्रदर्शनी आयोजित की गई है। 
  • प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध बुनकर कलाकार भागीदारी कर रहे हैं।