तीसरे नेशनल कल्चरल फेस्ट में मध्य प्रदेश को मिला देश में तीसरा स्थान | 04 Nov 2022

चर्चा में क्यों?

3 नवंबर, 2022 को केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत देश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) के लिये बंगलूरू में आयोजित तीसरे नेशनल कल्चरल फेस्ट में मध्य प्रदेश ने देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस फेस्ट में 13 विभिन्न विधाओं में मध्य प्रदेश के विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाई। मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के अधीन संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लगभग 80 जनजातीय विद्यार्थियों ने फेस्ट में यह उपलब्धि प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया।
  • तीनदिवसीय इस कल्चरल फेस्ट में शास्त्रीय और उपशास्त्रीय गायन, वाद्य वादन, एकल एवं समूह गायन, तात्कालिक चित्रकारी, नाटक, जनजातीय समूह नृत्य, लोकनृत्य और समूह गायन जैसी विधाओं के अलावा कहानी पाठ, सृजनात्मक लेखन, स्पेलबी और वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ भी हुईं।
  • ईएमआरएस इंदौर की साक्षी मयड़िया और राजाराम ने प्रश्नोत्तरी में पहला स्थान प्राप्त किया। साक्षी ने अंग्रेज़ी भाषण में भी पहला स्थान प्राप्त किया।
  • हिन्दी वाद-विवाद में ईएमआरएस इंदौर की वैष्णवी वास्कले और पीवीटीजी, ईएमआरएस इंदौर की नेहा यशवंत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा अंग्रेज़ी वाद-विवाद में ईएमआरएस इंदौर के सौम्य राय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
  • ईएमआरएस इंदौर की हिमांगी खपड़े ने स्पेल-बी में दूसरा स्थान हासिल किया तथा ईएमआरएस बड़वानी के कार्तिक डोडवे ने हिन्दी भाषण में दूसरा और ईएमआरएस पाली के तीरथ सिंह ने काव्यपाठ में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
  • ईएमआरएस बुदनी की भारती बिघेले ने उपशास्त्रीय गायन में द्वितीय स्थान और ईएमआरएस धंसौर के आशीष मिश्र ने शास्त्रीय गायन में तीसरा स्थान प्राप्त किया। देशभक्ति समूह गायन में ईएमआरएस बड़वानी का दल तृतीय रहा।
  • जनजातीय एकल गीत गायन में ईएमआरएस बुदनी की रंगिता ने पहला मुकाम हासिल किया। साथ ही, उप शास्त्रीय एकल गायन में ईएमआरएस तामिया के आशीष भारती ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।