राँची को मिलेगा दो अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का मौका | 20 Feb 2023

चर्चा में क्यों

18 फरवरी, 2023 को झारखंड के खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा ने बताया कि राज्य की राजधानी राँची आनेवाले कुछ महीनों में दो अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करेगी। इसमें एक एथलेटिक्स का और दूसरा हॉकी का होगा। 

प्रमुख बिंदु 

  • खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा ने बताया कि राँची में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए अंतर्राष्ट्रीय फेडरेशन की ओर से इसकी मेजबानी करने का मौका दिया जा रहा है। अक्टूबर या नवंबर में ये दोनों आयोजन राँची में होंगे।
  • इसमें साउथ एशियन एथलेटिक्स (सैफ) चैंपियनशिप और हॉकी का इंटरनेशनल इवेंट का आयोजन शामिल है। सैफ एथलेटिक्स के आयोजन की तैयारी खेल निदेशालय की ओर से की जा रही है।
  • सरोजनी लकड़ा ने बताया कि साउथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन पहली बार राँची में होगा। इसमें सात देशों के 400 से भी अधिक अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी राँची में शिरकत करेंगे।
  • मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। विभाग की ओर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की तैयारी चल रही है। इस वर्ष के अंत तक इसका आयोजन किया जा सकता है।
  • हॉकी इंडिया के महासचिव और हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने बताया कि मोरहाबादी के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में इस वर्ष के अंत तक अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। झारखंड राज्य के गठन के बाद यह पहली बार होगा कि हॉकी की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता राँची में होगी।