पंजाब, गुजरात, हरियाणा में H1N1 से हुई सर्वाधिक मृत्यु | 31 Jul 2024

चर्चा में क्यों?

हाल ही में H1N1 के कारण पंजाब, गुजरात और हरियाणा में क्रमशः 41, 27 तथा 26 लोगों की मृत्यु हुई जो भारत में H1N1 के कारण होने वाली मृत्यु में सबसे अधिक है।

मुख्य बिंदु 

  • कुल मामले: भारत में H1N1 के अभी तक 7,000 से अधिक मामले दर्ज किये गए हैं।
  • मामलों के संदर्भ में शीर्ष राज्य: दिल्ली (1,563), गुजरात (1,049) और राजस्थान (1,008) में सबसे अधिक मामले दर्ज किये गए।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देश: स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्क्रीनिंग, संवर्गीकरण, प्रयोगशाला निदान, संक्रमण नियंत्रण, घरेलू देखभाल और नैदानिक ​​प्रबंधन पर दिशा-निर्देश जारी किये।
  • रोकथाम के उपाय: इससे संबंधित जन जागरूकता अभियानों में हाथ धोने, खाँसते या छींकते समय मुँह को ढकने और भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचने पर ज़ोर दिया जाता है।
  • टीकाकरण: टीकाकरण को इन्फ्लूएंज़ा की रोकथाम हेतु सबसे अच्छे निवारक उपाय के रूप में देखा जाता है।

H1N1

  • H1N1 इन्फ्लूएंज़ा श्वसन संबंधी बीमारी का कारण बनता है जो सूअर के श्वसन पथ को प्रभावित कर सकता है।
  • इन संक्रमित सूअर के निकट संपर्क में आने से मनुष्यों को स्वाइन फ्लू का खतरा होता है जो कि एक ज़ूनोटिक रोग है।
  • स्वाइन इन्फ्लूएंज़ा विषाणु मनुष्यों को संक्रमित कर सकते हैं यदि उनके एंटीजेनिक गुण अन्य इन्फ्लूएंज़ा स्ट्रेन के साथ पुनर्संयोजन के कारण बदल जाते हैं।
  • यह आनुवंशिक परिवर्तन विषाणु की प्रतिकृति करने और संचरण की क्षमता में वृद्धि कर सकता है, जिससे मनुष्यों में इसका संचरण सरल हो जाता है।
  • ऐसे परिवर्तनों से महामारी की उत्पत्ति हुई, जैसा कि 1918 और 2009 में देखा गया था, जब विषाणु द्वारा मनुष्यों में इसका संचरण चरम अवस्था पर था।