आरपीएससी एवं विभिन्न बोर्ड के अध्यक्षों ने पदभार ग्रहण किया | 17 Feb 2022

चर्चा में क्यों?

16 फरवरी, 2022 को राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) एवं राजस्थान के विभिन्न बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों ने पदभार ग्रहण किये।

प्रमुख बिंदु

  • राजस्थान लोक सेवा आयोग अध्यक्ष नवनियुक्त संजय कुमार श्रोत्रिय ने कार्यभार ग्रहण किया।
  • कार्यभार ग्रहण करने के बाद संजय कुमार श्रोत्रिय ने कहा कि परीक्षाओं व साक्षात्कारों का समयबद्ध आयोजन उनकी प्राथमिकता रहेगा। आयोग की प्रक्रियाओं तथा कठिनाइयों के संबंध में वर्तमान सदस्यों व अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आगामी कार्ययोजना निर्धारित की जाएगी।
  • उल्लेखनीय है कि राजस्थान लोक सेवा आयोग की स्थापना 22 दिसंबर, 1949 को हुई थी। आरंभिक चरण में आयोग में एक अध्यक्ष एवं दो सदस्य थे। राजस्थान के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश सर एस. के. घोष को अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
  • राज्य के आर्थिक पिछड़ा वर्ग बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष के रूप में अनिल शर्मा ने अंबेडकर भवन में पदभार ग्रहण किया। 
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्ष 2020 के बजट में आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (ईबीसी) के उत्थान एवं कल्याण के लिये प्रभावी नीति का निर्धारण करने के लिये इस बोर्ड के गठन की घोषणा की थी।  
  • राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के नव मनोनीत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सोलंकी ने भी बोर्ड का पदभार ग्रहण किया तथा समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर बोर्ड की पशुधन विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। 
  • इस दौरान राजेंद्र सिंह सोलंकी ने सभी अधिकारियों से पशुधन के समग्र विकास के लिये समुचित सहयोग करने का आवह्वान करते हुए कहा कि पशुधन विकास की विभिन्न योजनाओं एवं उनके लाभ संबंधित जानकारियाँ राज्य के प्रत्येक किसान व पशुपालक तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता होगी। 
  • ज्ञातव्य है कि राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के नव मनोनीत उपाध्यक्ष चुन्नीलाल राजपुरोहित ने भी हाल ही में पदभार ग्रहण किया है।
  • पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह ने भी सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष पद पर रामसहाय बाजिया ने भी पदभार ग्रहण किया।