प्लास्टिक मुक्त गंगा | 18 May 2024

चर्चा में क्यों?

भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) एवं सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटीज़ (SDC) फाउंडेशन ने गंगा नदी और उसकी 15 सहायक नदियों को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त करने तथा जलीय एवं स्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के लिये "प्लास्टिक मुक्त भविष्य की ओर" नामक एक सहयोगी पहल शुरू की है

मुख्य बिंदु:

  • यह अभियान सात राज्यों, उत्तराखंड, यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड में पाँच दिनों तक चलेगा।
  • यह पहल मीठे जल की जैवविविधता पर प्लास्टिक के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित है।

भारतीय वन्यजीव संस्थान (Wildlife Institute of India-WII)

  • यह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वतंत्र निकाय है।
  • इसका गठन वर्ष 1982 में किया गया था।
  • यह संस्थान देहरादून (उत्तराखंड) में स्थित है।
  • यह वन्यजीव अनुसंधान और प्रबंधन में प्रशिक्षण कार्यक्रम, शैक्षणिक पाठ्यक्रम तथा सलाह प्रदान करता है।

गंगा नदी

  • यह भारत की सबसे लंबी नदी है जो 2,510 किमी. लंबी है, यह पहाड़ों, घाटियों और मैदानों में बहती है एवं हिंदुओं द्वारा पृथ्वी पर सबसे पवित्र नदी के रूप में प्रतिष्ठित है।
  • गंगा बेसिन भारत, तिब्बत (चीन), नेपाल और बांग्लादेश में 10,86,000 वर्ग किमी. के क्षेत्र तक विस्तृत है।
  • भारत में यह उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, झारखंड, हरियाणा, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली को कवर करता है, जिसका क्षेत्रफल 8,61,452 वर्ग किमी. है जो लगभग देश के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का 26% है।
  • यह हिमालय में गंगोत्री हिमनद के हिम क्षेत्रों से निकलती है।
  • इसे उद्गम स्रोत पर भागीरथी कहा जाता है। यह घाटी से नीचे देवप्रयाग तक बहती है जहाँ एक अन्य पहाड़ी नदी अलकनंदा से मिलती है, फलस्वरूप इसे गंगा कहा जाता है।
  • यमुना और सोन नदी, दाहिनी ओर से मिलने वाली मुख्य सहायक नदियाँ हैं।
  • रामगंगा, घाघरा, गंडक, कोसी और महानंदा बाई ओर से गंगा नदी में मिलती हैं। चंबल व बेतवा दो अन्य महत्त्वपूर्ण उप-सहायक नदियाँ हैं।
  • गंगा नदी का बेसिन दुनिया के सबसे उपजाऊ और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में से एक है एवं 1,000,000 वर्ग किमी. के क्षेत्र को कवर करता है।
  • गंगा नदी डॉल्फिन एक लुप्तप्राय जलीय जीव है जो विशेष रूप से इस नदी में पाया जाता है।
  • गंगा बांग्लादेश में ब्रह्मपुत्र (जमुना) से मिलती है और पद्मा या गंगा के नाम से अपना प्रवाह जारी रखती है।
  • बंगाल की खाड़ी में गिरने से पूर्व गंगा नदी बांग्लादेश के सुंदरबन दलदल में गंगा डेल्टा का विस्तार करती है।