जोधपुर में बनेगी पैरा खेल अकादमी | 22 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

21 जुलाई, 2022 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में पैरा खिलाड़ियों हेतु पैरा खेल अकादमी की स्थापना के लिये 14 करोड़ रुपए की राशि को मंज़ूरी दी। इस अकादमी में पैरा खिलाड़ियों को उच्च तकनीकी प्रशिक्षण व अभ्यास हेतु आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रमुख बिंदु

  • प्रस्ताव अनुसार, यह अकादमी राजकीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय परिसर, जोधपुर में स्थापित होगी तथा महाविद्यालय परिसर में आवश्यक बुनियादी ढ़ाँचा तैयार होने तक इसे उम्मेद स्टेडियम, जोधपुर में संचालित किया जाएगा।
  • इस अकादमी में राजस्थान राज्य के प्रतिभावान 25 खिलाड़ियों (15 शूटिंग व 10 टेबल टेनिस) का चयन किया जाएगा। खिलाड़ियों को शिक्षा, चिकित्सा, प्रशिक्षण, आवास व्यवस्था, भोजन व अन्य आवश्यक सुविधाएँ राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
  • इसके अतिरिक्त निर्धारित समय अनुसार प्रात: एवं सायं को प्रशिक्षकों द्वारा खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। खिलाड़ियों को शिक्षा हेतु नज़दीकी विद्यालय में प्रवेश दिलाते हुए खेल के साथ शिक्षा भी प्रदान की जाएगी।
  • मुख्यमंत्री की इस स्वीकृति से अकादमी के आवर्तक व अनावर्तक व्यय, परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना, खेल उपकरण की खरीद एवं छात्रावास भवन निर्माण संबंधी कार्य करवाए जा सकेंगे।
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बजट घोषणा वर्ष 2022-23 में पैरा खिलाड़ियों के लिये जयपुर व जोधपुर में पैरा खेल अकादमी स्थापित करने की घोषणा की थी। इससे पूर्व भी बजट घोषणा वर्ष 2020-21 व 2021-22 के अंतर्गत कई महत्त्वाकांक्षी खेल परियोजनाएँ स्वीकृत की गई हैं।