‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना’का शुभारंभ | 23 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

21 जुलाई, 2022 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों के हित में कदम उठाते हुए ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना’का शुभारंभ किया। अब प्रदेश के सभी सरकारी कर्मचारी कैशलेस इलाज की व्यवस्था का लाभ उठा सकेंगे।

प्रमुख बिंदु

  • उत्तर प्रदेश इस योजना को लागू करने वाला पहला प्रदेश बन गया है। उत्तर प्रदेश के 22 लाख सेवारत एवं सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों को अब इलाज में हुए अपने व्यय के भुगतान के लिये अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
  • सरकार ने यह व्यवस्था राज्य के सरकारी कर्मचारियों के अलावा पेंशनर्स और उनके आश्रितों के लिये भी शुरू की है, यानी इस योजना से करीब 75 लाख लोग लाभान्वित होंगे।
  • इस योजना से राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों के अलावा उनके परिवार को आयुष्मान योजना में पंजीकृत सभी निजी अस्पतालों में प्रतिवर्ष पाँच लाख रुपए तक के इलाज की मुफ्त सुविधा मिलेगी।
  • उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्टेट हेल्थ कार्ड के माध्यम से राज्य कर्मचारियों, पेंशनर्स तथा उनके आश्रितों को सभी मेडिकल कॉलेजों, सरकारी अस्पतालों एवं आयुष्मान भारत में पंजीकृत निजी अस्पतालों में चिकित्सा सुविधा मिलेगी।