ओलंपिक हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर | 13 Aug 2021

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2021 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मिंटो हॉल, भोपाल में ओलंपिक हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को सम्मानित किया।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना के विरुद्ध गोल किया था, जिसके फलस्वरूप भारतीय टीम पहले क्वार्टर फाइनल और बाद में सेमीफाइनल में पहुँच सकी।
  • मध्य प्रदेश शासन की ओर से विवेक सागर को डीएसपी का पद तथा एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई है। 
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसी सप्ताह टोक्यो ओलंपिक में गई भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से 31-31 लाख रुपए देने की घोषणा की थी। मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी में प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक के पहले रियो ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
  • इस अवसर पर भारतीय हॉकी टीम के प्रशिक्षक अशोक कुमार, सहायक कोच शिवेंद्र सिंह को भी सम्मानित किया गया। 
  • गौरतलब है कि होशंगाबाद ज़िले के ग्राम शिवनगर चांदौन निवासी विवेक सागर ने वर्ष 2018 में फोर नेशंस टूर्नामेंट, कॉमनवेल्थ गेम्स, चैंपियन ट्राफी, यूथ ओलंपिक, न्यूज़ीलैंड टेस्ट सीरीज़, एशियन गेम्स तथा वर्ष 2019 में अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट, ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज़ और फाइनल सीरीज़ भुवनेश्वर जैसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
  • एशियाड 2018 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम में शामिल मिडफिल्डर हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर 62 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। विवेक सागर को वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश शासन ने ‘एकलव्य अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया था।