लखनऊ में बनेगा नौसेना शौर्य संग्रहालय | 23 Oct 2023

चर्चा में क्यों?

21 अक्तूबर, 2023 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में इकाना स्टेडियम के निकट सीजी सिटी में 23 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नौसेना शौर्य संग्रहालय निर्माण कार्य परियोजना का भूमि पूजन व बटन दबाकर शिलान्यास किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के बच्चों ने राष्ट्रगीत व भारतीय नौसेना के बैंड ने अपनी प्रस्तुति दी।
  • आईएनएस गोमती की विरासत को एक खुले संग्रहालय में रखा जाएगा, जहाँ उसकी कई युद्धक प्रणालियों को सैन्य तथा युद्ध अवशेषों के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
  • आईएनएस गोमती ने 34 वर्ष तक भारतीय नौसेना की क्षमता में अभिवृद्धि करके उसकी सामरिक स्थिति को सुदृढ़ किया, वहीं ऑपरेशन कैक्टस, पराक्रम और रेनबो में शामिल रहे इस पोत को मई 2022 में सेवामुक्त कर दिया गया।
  • विदित है कि हाल ही में नौसेना को अपना स्वदेशी चिह्न भी प्राप्त हुआ है।
  • आईएनएस गोमती का नाम गोमती नदी के नाम पर रखा गया और 16 अप्रैल, 1988 को तत्कालीन रक्षा मंत्री के.सी.पंत ने मझगाँव डॉक लिमिटेड, बंबई (अब मुंबई) में सेवा में शामिल किया था।
  • आईएनएस गोमती गोदावरी क्लास गाइडेड-मिसाइल फ्रिगेट का तीसरा जहाज़ था। यह पश्चिमी बेड़े का सबसे पुराना योद्धा भी था।