लाड़ली बहनों को मिलने वाली मासिक 1000 की राशि बढ़कर होगी क्रमश: 3000 रुपए | 12 Jun 2023

चर्चा में क्यों 

10 जून, 2023 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’में बहनों के खातों में मासिक राशि अंतरित करने के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए योजना में लाड़ली बहनों को मिलने वाली मासिक 1000 की राशि को बढ़ाकर 3000 रुपए करने की घोषणा की।

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 1.25 करोड़ बहनों के खाते में कुल 1209.64 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। 
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’में प्रति माह 1000 रूपए की राशि देने के प्रावधान में संशोधन कर बहनों को क्रमश: बढ़ी हुई राशि का भुगतान किया जाएगा।
  • आवश्यक वित्त व्यवस्था के फलस्वरूप योजना में 1000 रुपए के स्थान पर क्रमश: 1250 रुपए, इसके बाद 1500 रुपए, फिर 1750 रूपए, फिर 2 हज़ार रुपए और इसके बाद 2250 रुपए, 2500 रुपए और 2750 रुपए करते हुए राशि को 3 हज़ार रुपए तक बढ़ाया जाएगा। 
  • इसी तरह योजना के लिए विवाहित पात्र बहन की आयु न्यूनतम 23 वर्ष के स्थान पर 21 वर्ष की जाएगी। वर्तमान में 23 से 60 वर्ष की विवाहित बहनें योजना में पात्र हैं। 
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों को आने वाले 5 वर्ष में लखपति बनाते हुए लखपति क्लब में शामिल किया जाएगा। बहनों की आय कम से कम 10 हज़ार रुपए मासिक होना चाहिये।