मनोज कुमार सिंह को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार | 06 Sep 2021

चर्चा में क्यों?

5 सितंबर, 2021 को शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वर्चुअल माध्यम से राज्य के हिंदुस्तान मित्र मंडल स्कूल, गोलमुरी के शिक्षक मनोज कुमार सिंह को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, 2021 से सम्मानित किया।

प्रमुख बिंदु

  • मनोज कुमार सिंह इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के झारखंड से एकमात्र प्राप्तकर्त्ता हैं। पुरस्कार में उन्हें एक पदक, एक प्रमाण-पत्र और 50,000 रुपए दिये गए।
  • मूलरूप से बिहार के गया के रहने वाले मनोज कुमार सिंह ने कक्षा एक से आठ तक के लिये जेसीईआरटी हेतु गणित की किताब तैयार की थी तथा कोविड के दौरान स्कूल बंद रहने के बाद भी बच्चों को गणित पढ़ाते थे।
  • उन्हें जटिल गणितीय अवधारणाओं को नवोन्मेषी व्यावहारिक और कला-आधारित शिक्षाशास्त्र के माध्यम से पढ़ाने के लिये जाना जाता है, जो ज़्यादातर कक्षा के बाहर किया जाता है। वह अपने YouTube चैनल ‘क्रिएटिव लर्निंग विथ मनोज’ के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षण भी संचालित करते हैं।
  • वह झारखंड शिक्षा अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी) की ई-कंटेंट डेवलपर टीम का भी हिस्सा हैं, जिन्होंने डिजी स्कूल ऐप के माध्यम से महामारी के दौरान गणित के लिये ऑनलाइन सामग्री तैयार की है।
  • गौरतलब है कि वर्ष 1958 में स्थापित, ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार’ केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के मेधावी शिक्षकों को सार्वजनिक मान्यता देने के लिये हर साल शिक्षक दिवस पर प्रदान किया जाता है।
  • इस पुरस्कार में एक रजत पदक, प्रमाण-पत्र और 50,000 रुपए दिये जाते हैं।