लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि 25 हज़ार से बढ़कर 30 हज़ार रुपए प्रतिमाह होगी | 27 Jun 2023

चर्चा में क्यों?

26 जून, 2023 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में उनके निवास परिसर में आयोजित लोकतंत्र सेनानियों के राज्य स्तरीय सम्मेलन में लोकतंत्र सेनानियों को प्रदान की जा रही 25 हज़ार रुपए की सम्मान निधि को बढ़ाकर 30 हज़ार रुपए प्रतिमाह किये जाने की घोषणा की।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो लोकतंत्र सेनानी एक माह से कम अवधि के लिये बंदी रहे हैं, उनकी सम्मान निधि 8 हज़ार रुपए से बढ़ाकर 10 हज़ार रुपए की जाएगी।
  • दिवंगतों के परिवारों को दी जाने वाली निधि भी 5 हज़ार से बढ़ाकर 8 हज़ार रुपए की जाएगी।
  • लोकतंत्र सेनानियों को दिल्ली प्रवास के दौरान मध्य प्रदेश भवन में ठहरने की सुविधा होगी। जिलों के विश्राम गृह और रेस्ट हाऊस में वे 2 दिन तक 50 प्रतिशत शुल्क देकर रह सकेंगे। साथ ही सभी तरह की बीमारियों का संपूर्ण इलाज राज्य शासन द्वारा कराया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय कार्यालयों में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार हो, इसके लिये विशेष निर्देश जारी किये जा रहे हैं।
  • लोकतंत्र सेनानियों को राज्य शासन की ओर से ताम्रपत्र प्रदान किये गए थे, जिन्हें ताम्रपत्र मिलना शेष है, उन्हें भी तत्काल ताम्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
  • सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने आपातकाल की कटु स्मृतियों पर आधारित रमेश गुप्ता की पुस्तक ‘मैं मीसाबंदी-आपातकाल व्यथा-कथा-19 महीने’का विमोचन भी किया।