खेलो इंडिया महिला तीरंदाजी रैंकिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ | 05 Apr 2023

चर्चा में क्यों?

3 अप्रैल, 2023 को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत ज़िले में साई के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र, बहालगढ़ में खेलो इंडिया महिला तीरंदाजी रैंकिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

प्रमुख बिंदु 

  • खेलो इंडिया महिला तीरंदाजी रैंकिंग प्रतियोगिता में देशभर की 96 महिला तीरंदाजों ने भाग लिया है तथा विजेताओं को पाँच लाख रुपए तक के इनाम दिये जाएंगे।
  • उल्लेखनीय है कि 3 और 4 अप्रैल को हो रही प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण, भारतीय तीरंदाजी संघ और हरियाणा तीरंदाजी संघ मिलकर कर रहे हैं।
  • प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाड़ियों को साढ़े 37 लाख रुपए की इनामी राशि दी जाएगी।
  • प्रतियोगिता में रिकर्व सीनियर में स्वर्ण पदक जीतने पर पाँच लाख, रजत पदक पर तीन लाख व काँस्य पदक पर दो लाख रुपए का इनाम मिलेगा। जूनियर में स्वर्ण पदक विजेता को तीन लाख, रजत पदक विजेता को दो लाख व काँस्य पदक विजेता को एक लाख रुपए तथा कैडेट में स्वर्ण पदक पर एक लाख, रजत पर 80 हज़ार व काँस्य पर 50 हज़ार रुपए मिलेंगे।
  • इसके अलावा कंपाउंड श्रेणी के सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता को ढाई लाख, रजत पदक जीतने पर डेढ़ लाख व काँस्य पदक जीतने पर एक लाख रुपए का इनाम मिलेगा। जूनियर में स्वर्ण पदक विजेता को डेढ़ लाख, रजत पदक विजेता को एक लाख व काँस्य पदक विजेता को 50 हज़ार तथा कैडेट में स्वर्ण जीतने पर 50 हज़ार, रजत पदक पर 40 हज़ार व काँस्य पर 25 हज़ार रुपए मिलेंगे।