भीलवाड़ा के शाहपुरा में केसरी सिंह बारहठ पेनोरमा का होगा निर्माण | 22 Nov 2022

चर्चा में क्यों?

21 नवंबर, 2022 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के भीलवाड़ा के शाहपुरा में स्वतंत्रता सेनानी केसरी सिंह बारहठ के पेनोरमा निर्माण के लिये 4 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है।

प्रमुख बिंदु 

  • अशोक गहलोत ने बताया कि केसरी सिंह बारहठ के पेनोरमा निर्माण के साथ-साथ मुख्य पेनोरमा भवन, चारदीवारी, पाथ-वे, सभागार, पुस्तकालय, ऑडियो-वीडियो सिस्टम, विभिन्न आर्ट वर्क, प्रवेश द्वार, स्टेच्यू एवं छतरी, शिलालेख सहित विभिन्न निर्माण कार्य भी होंगे।
  • पेनोरमा से आमजन को वीर क्रांतिकारी केसरी सिंह बारहठ के कृतित्व एवं व्यक्तित्व की जानकारी मिलेगी। युवा पीढ़ी अपने अधिकारों के प्रति शिक्षित और जागृत होगी।
  • इस पेनोरमा के लिये भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बारहठ समाज, अमर शहीद कु. प्रतापसिंह बारहठ सेवा संस्थान और केसरी सिंह बारहठ स्मारक समिति आदि द्वारा मांग की गई थी। इन्हीं की भावनाओं के अनुसार मुख्यमंत्री ने यह स्वीकृति प्रदान की है।
  • उल्लेखनीय है कि केसरीसिंह बारहठ ने राजस्थान में देश की स्वतंत्रता के लिये सर्वप्रथम क्रांति की बुझी हुई अग्नि को पुन: प्रज्वलित किया था। उन्होंने स्वामी दयानंद और महान क्रांतिकारी श्यामजी कृष्ण वर्मा, अरविंद एवं लोकमान्य तिलक से प्रेरित होकर सशस्त्र क्रांति के लिये प्रबल प्रयत्न करना शुरू किया था।