नीति आयोग के एबीपी की पहली डेल्टा रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के कौशांबी ज़िले के कौशांबी ब्लॉक को मिला दूसरा स्थान | 09 Dec 2023

चर्चा में क्यों?

7 दिसंबर, 2023 को नीति आयोग द्वारा घोषित एस्पिरेशनल ब्लॉक प्रोग्राम (एबीपी) की पहली डेल्टा रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के कौशांबी ज़िले के कौशांबी ब्लॉक को दूसरा स्थान मिला। तेलंगाना के आसिफाबाद के तिरियानी कुमुरम भीम ब्लॉक को रैंकिंग में पहला स्थान मिला है।

प्रमुख बिंदु

  • ब्लॉकों को भौगोलिक दृष्टि से भी छह जोनों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक जोन से दो ब्लॉकों को रैंकिंग दी गई है।
  • जोन 1, जिसमें पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के साथ-साथ द्वीप भी शामिल हैं, में पहले और दूसरे स्थान पर क्रमश: अमरी ब्लॉक (पश्चिम कर्बी आंगलोंग, असम) और नगोपा ब्लॉक (सैतुअल, मिज़ोरम) रहे।
  • जोन 2, जिसमें उत्तर भारतीय राज्य शामिल हैं, में उत्तर प्रदेश के बस्ती ज़िले के हर्रैया ब्लॉक ने पहला और गाजीपुर ज़िले के विरनों ब्लॉक ने दूसरा स्थान हासिल किया।
  • दक्षिणी राज्यों वाले जोन 3 में, मस्की ब्लॉक (रायचूर, कर्नाटक) और नारनूर (आदिलाबाद, तेलंगाना) को शीर्ष रैंकर घोषित किया गया।
  • पश्चिमी भारतीय राज्यों में, जिसमें जोन 4 शामिल है, महाराष्ट्र के गढ़चिरोली ज़िले में सिरोंचा और अहेरी ब्लॉक विजेता बनकर उभरे।
  • जोन 5 के तहत मध्य भारत में मध्य प्रदेश के धार ज़िले का तिरला ब्लॉक और बड़वानी ज़िले का पाट ब्लॉक विजेता रहे।
  • जोन 6 में शामिल पूर्वी भारत में बिहार के सीवान ज़िले का आंदर और झारखंड के दुमका में रामगढ़ शीर्ष स्थान पर रहे।
  • सभी श्रेणियों में विजेताओं को शीर्ष रैंक के लिये 1.5 करोड़ रुपए और दूसरे रैंक के लिये 1 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
  • ब्लॉकों की रैंकिंग की गणना ब्लॉकों के प्रदर्शन और जून, 2023 के महीने में प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) में प्राप्त प्रगति के आधार पर की गई।
  • केपीआई के आधार पर ब्लॉकों की रैंकिंग करना कार्यक्रम की एक मुख्य रणनीति है, जो प्रतिस्पर्द्धी और सहकारी संघवाद की भावना पर आधारित है। यह पहला मौका है कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के हिस्से के रूप में ब्लॉकों की रैंकिंग की गणना की गई है।
  • एबीपी के अलावा, अक्टूबर 2023 महीने के लिये एडीपी रैंकिंग की भी घोषणा की गई, जिसमें रायगड़ा (ओडिशा) और जमुई (बिहार) ने क्रमश: पहली और दूसरी रैंक हासिल की। एडीपी की विषयगत और समग्र श्रेणियों में शीर्ष रैंक पाने वालों को सम्मानित किया गया।
  • नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने नीति आयोग के सदस्यों के साथ ‘वॉल ऑफ फेम’ का उद्घाटन किया। वॉल ऑफ फेम 2047 तक विकसित भारत बनाने की कल्पना के साथ आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम और आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डालता है। यह देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले आकांक्षी ब्लॉक और आकांक्षी ज़िलों की उपलब्धियों की सराहना करता है।
  • विदित हो कि एस्पिरेशनल ब्लॉक प्रोग्राम (एबीपी) 7 जनवरी, 2023 को शुरू किया गया था। एबीपी भारत के सबसे कठिन और अपेक्षाकृत अविकसित ब्लॉकों में नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिये शासन में सुधार पर केंद्रित है। भारत के 27 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों के 329 ज़िलों के 500 ब्लॉक इस कार्यक्रम का हिस्सा हैं।
  • 500 आकांक्षी ब्लॉकों का 31 मार्च, 2023 और 30 जून, 2023 की पहली तिमाही का आधारभूत डेटा 11 मंत्रालयों की प्रबंधन सूचना प्रणाली के माध्यम से प्राप्त किया गया था। पहली डेल्टा रैंक की गणना पहली तिमाही में हुए सुधार के आधार पर की गई है।