झारखंड पर्यटन फोटोग्राफी वीडियोग्राफी प्रतियोगिता | 16 Dec 2022

चर्चा में क्यों?

15 दिसंबर, 2022 को झारखंड पर्यटन विभाग द्वारा झारखंड पर्यटन फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। यह प्रतियोगिता 15 जनवरी, 2023 तक चलेगी।

प्रमुख बिंदु 

  • इस प्रतियोगिता में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिये फोटोग्राफी के तहत धार्मिक पर्यटन स्थल, पर्व-त्योहार, पारंपरिक मेले, प्राचीन स्थल और स्मारक, नृत्यकला, दर्शनीय सौंदर्य और परिदृश्य को शामिल किया गया है।
  • वीडियोग्राफी श्रेणी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब के लिये भी इन विषयों को शामिल किया गया है। रील और शॉर्ट वीडियो के लिये प्रतिभागी इन्हीं विषयों पर अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकेंगे।
  • इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 75 हज़ार रुपए एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हज़ार रुपए पुरस्कार स्वरुप दिये जाएंगे। प्रत्येक श्रेणी में 20 हज़ार रुपए के समेकित पुरस्कार भी शामिल हैं। विजेताओं का चयन उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर व्यूज व लाइक के आधार पर किया जाएगा।
  • फोटो और वीडियो का मानदंड एचडी फोटोग्राफ व जेपीजी फॉर्मेट है जो न्यूनतम 10 एमबी से अधिकतम 50 एमबी तक होना चाहिये। वीडियो कम से कम एक मिनट से अधिकतम दो मिनट 30 सेकेंड का होना चाहिये। रील या शॉर्ट वीडियो की अवधि 30 सेकेंड की होगी। प्रतिभागी एक या अधिकतम चार फोटोग्राफ अपलोड कर सकते हैं।