झारखंड को पहली बार मिला डिजिटल इंडिया अवार्ड | 20 Dec 2022

चर्चा में क्यों?

19 दिसंबर, 2022 को सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार ने झारखंड के कोडरमा ज़िला प्रशासन द्वारा संचालित DEGS कंप्यूटर बेसिक ट्रेनिंग सेंटर के कॉन्सेप्ट को डिजिटल इंडिया अवार्ड देने के लिये चयनित किया है।

प्रमुख बिंदु

  • डिजिटल इंडिया अवार्ड कोडरमा के डीसी आदित्य रंजन के द्वारा ग्रहण किया जायेगा। कोडरमा डीसी के मुताबिक, आगामी सात जनवरी, 2023 को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त किया जायेगा।
  • जानकारी के अनुसार, डिजिटल इंडिया अवार्ड को लेकर सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार ने वर्ष 2022 में आवेदन आमंत्रित किए थे, जिसके लिये हजारों की संख्या में नॉमिनेशन प्राप्त हुए थे। सात अलग-अलग कैटेगरी में दिये जाने वाले इस अवार्ड को लेकर हुए फर्स्ट राउंड में शार्ट लिस्ट में 100 से ज्यादा प्रोजेक्ट को जगह मिली थी। इसके बाद नौ सदस्यों की ज्यूरी जिसमें सचिव आईटी, दो अपर सचिव, आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर आदि के समक्ष सभी ने अपना प्रेजेंटेशन दिया था।
  • उल्लेखनीय है कि कोडरमा डीसी आदित्य रंजन ने भी आठ दिसंबर, 2022 को दिल्ली में ज्यूरी के समक्ष बेसिक ट्रेनिंग सेंटर की योजना को सामने रखा था, जिसके बाद अब अंतिम रूप से चयन हुआ है।
  • कोडरमा का चयन डिजिटल इनिशीएटिव एट ग्रास रूट लेवल में गोल्ड के लिये किया गया है। इस कैटेगरी में ई-विवेचन एप के लिये मध्य प्रदेश को प्लेटिनियम तथा श्रेयाश्री पोर्टल के लिये केरल को सिल्वर मिला है।
  • विदित है कि कोडरमा ज़िले में ज़िला प्रशासन की पहल पर हाल के वर्ष में डीईजीएस कंप्यूटर सेंटर की शुरुआत की गई है। वर्तमान में मरकच्चो प्रखंड को छोड़कर कोडरमा, झुमरीतिलैया, सतगावां, डोमचांच, चंदवारा और जयनगर में संचालित हो रहा है। इन सेंटरों में नौ हजार से ज्यादा बच्चों के अलावा एएनएनम, सहिया, जनप्रतिनिधियों आदि को कंप्यूटर का प्रशिक्षण देने के बाद प्रमाण पत्र भी दिया गया है।
  • आदित्य रंजन ने बताया कि वर्तमान में भी इन सेंटरों में सैकड़ों प्रशिक्षाणर्थी कंप्यूटर का प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहाँ छह केंद्रों के अलावा दो और केंद्र खोलने की योजना है। एक केंद्र परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, कोडरमा और दूसरा जेजे कॉलेज, झुमरीतिलैया में खुलेगा।