इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस (IACP) अवॉर्ड 2021 | 03 Sep 2021

चर्चा में क्यों?

हाल ही में अमेरिका में स्थित अंतर्राष्ट्रीय पुलिसिंग संस्था आईएसीपी (इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस) ने छतीसगढ़ के कोरिया ज़िले के एसपी संतोष कुमार सिंह को ‘आईएसीपी अवार्ड 2021’ से सम्मानित करने की घोषणा की है।

प्रमुख बिंदु

  • संतोष सिंह को यह अवॉर्ड ‘40 अंडर 40’ कैटेगरी में दिया जाएगा। यह विश्व के 40 वर्ष से कम आयु के ऐसे पुलिस अधिकारी को दिया जाता है, जिसने बेहतर नेतृत्त्व क्षमता के साथ पुलिसिंग कार्यों में नए प्रयोगों और अच्छे कार्यों से परिवर्तन लाने का प्रयास किया है।
  • एसपी संतोष कुमार सिंह का चयन उनके द्वारा पिछले 8 वर्षों में बेहतर पुलिसिंग और पुलिस की छवि सुधारने में किये गए कार्यों के आकलन के आधार पर किया गया है। पूर्व में छत्तीसगढ़ से डीआईजी ईओडब्ल्यू आरिफ शेख को यह अवॉर्ड प्राप्त हुआ है।
  • इस बार विश्व के 6 देशों- संयुक्त राज्य अमेरिका, यूएई, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, कोरिया और भारत के 40 पुलिस अधिकारियों को इस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसमें देश से उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अमित कुमार का नाम भी शामिल है।
  • आईएसीपी प्रति वर्ष इस तरह के अवॉर्ड्स सितंबर माह में अपने वार्षिक समारोह में घोषित करता है। चयनित अधिकारियों को अक्टूबर 2022 में टेक्सास, अमेरिका में यह अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।
  • उल्लेखनीय है कि इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस (IACP) पुलिस नेताओं के लिये दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे प्रभावशाली पेशेवर संघ है, जिसमें वर्तमान में विश्व के 165 देशों के 31,000 से अधिक पुलिस अधिकारी शामिल हैं। इसकी स्थापना वर्ष 1893 में हुई थी।