गहन मिशन इंद्रधनुष 4.0 टीकाकरण अभियान का हुआ शुभारंभ | 08 Feb 2022

चर्चा में क्यों?

7 फरवरी, 2022 को राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने शून्य से 2 वर्ष तक के बच्चों को नौ तरह की बीमारियों से बचाने के लिये जयपुर में ‘गहन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई) 4.0’ टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु 

  • सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 टीकाकरण अभियान में उन्हीं बच्चों को शामिल किया गया है, जो नियमित टीकाकरण से किसी भी कारणवश वंचित रह गए हैं। अभियान के तहत ज़िले के करीब 487 बच्चों तथा 114 गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
  • सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 टीकाकरण अभियान का प्रथम चरण आगामी 13 फरवरी तक संचालित होगा। अभियान का दूसरा चरण 7 मार्च से 13 मार्च तथा तीसरा चरण 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। 
  • इस अभियान के दौरान 0 से 2 वर्ष तक के बच्चों को नौ तरह की बीमारियों से बचाने के लिये बीसीजी, पोलियो, हेपेटाइटिस बी, पेंटावेलेंट, एफआईपीवी, आरवीवी, पीसीवी तथा एमआर के टीके लगाए जाएंगे। इसी प्रकार नियमित टीकाकरण से वंचित गर्भवती महिलाओं को टीडी-1, टीडी-2 व बूस्टर टीडी के टीके लगाए जाएंगे।
  • उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वर्चुअल माध्यम के ज़रिये राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य अधिकारियों की उपस्थिति में गहन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई) 4.0 की शुरुआत की।
  • गहन मिशन इंद्रधनुष 4.0 के तीन राउंड (दौर) होंगे और यह देश के 33 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 416 ज़िलों (आज़ादी का अमृत महोत्सव के लिये चिह्नित 75 ज़िलों सहित) में संचालित किया जाएगा। इसके पहले राउंड (फरवरी-अप्रैल 2022) में 11 राज्य/केंद्र शासित प्रदेश आईएमआई 4.0 को संचालित करेंगे। ये राज्य/केंद्र शासित प्रदेश हैं- असम, उत्तराखंड, गुजरात, जम्मू और कश्मीर, मेघालय, मिज़ोरम, नागालैंड, राजस्थान, सिक्किम, त्रिपुरा व छत्तीसगढ़। 
  • वहीं, अन्य 22 राज्य अप्रैल से मई 2022 तक राउंड संचालित करेंगे। इन राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, बिहार, पुदुच्चेरी, दिल्ली, पंजाब, गोवा, तमिलनाडु, हरियाणा, तेलंगाना, झारखंड, दादरा और नगर हवेली व दमन और दीव, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश व अंडमान और निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं।