‘गांधी वाटिका’ का लोकार्पण | 25 Sep 2023

चर्चा में क्यों?

  • 23 सितंबर, 2023 को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा सांसद राहुल गांधी एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के सेंट्रल पार्क में बनी ‘गांधी वाटिका’ का लोकार्पण किया।

प्रमुख बिंदु

  • राज्य सरकार ने महात्मा गांधी के विचारों व मूल्यों से नई पीढ़ी को रूबरू करवाने के लिये यह अभिनव पहल की है।
  • सेंट्रल पार्क में 85 करोड़ रुपए की लागत से बनी गांधी वाटिका की विषय वस्तु गांधीवादी विचारकों की समिति के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। वाटिका के भूतल पर अंग्रेजों के भारत आगमन से लेकर गांधीजी के दक्षिण अफ्रीका प्रवास तक के कालखंड को 5 हिस्सों में अंकित किया गया है।
  • वहीं प्रथम तल पर गांधीजी के भारत में अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलनों एवं उनके दर्शन को प्रदर्शित किया गया है। द्वितीय तल पर विशेष पुस्तकालय, सेमिनार हॉल एवं कॉन्फ्रेंस कक्ष निर्मित किये गए हैं।
  • कॉन्फ्रेंस कक्ष को क्रमश: ‘राजस्थान ने पकड़ी गांधी की राह’, ‘गांधी: अपने आइने में मैं एवं ‘गांधीजी के सपनों का संसार’तीन खंडों में बांटा गया है।
  • भवन निर्माण में सादगी एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु विशेष रूप से मिट्टी की दीवारें तैयार की गई हैं।
  • साथ ही वाटिका में 14 हज़ार पेड़-पौधे लगाए गए हैं। वाटिका में कैफेटेरिया, खुला नाट्य मंच, विमर्श कक्ष जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध होंगी।