हरियाणा देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले टॉप 3 राज्यों में हुआ शामिल | 09 Apr 2022

चर्चा में क्यों?

8 अप्रैल, 2022 को हरियाणा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने बताया कि हरियाणा ने ‘हर घर नल से जल’ मिशन के टारगेट को पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ हरियाणा इस मिशन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 3 टॉप राज्यों में स्थान हासिल किया है।

प्रमुख बिंदु

  • हालाँकि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2024 तक यह लक्ष्य पूरा करने का समय निर्धारित किया गया था, परंतु हरियाणा सरकार के प्रयासों के चलते राज्य में दो वर्ष पहले ही वर्ष 2022 में 100 प्रतिशत घरों में नल से जल पहुँचा दिया है।
  • उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के ग्रामीण क्षेत्र के हर घर में नल से स्वच्छ जल सुनिश्चित करके लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिये अगस्त 2019 में जल जीवन मिशन की घोषणा की थी। हरियाणा में भी गाँवों के हर घर में नल से जल की आपूर्ति का प्रावधान करने के लिये इस मिशन को लागू किया गया।
  • इस मिशन से महिलाओं को सिर पर रखकर दूर से जल लाने की मेहनत के भारी बोझ से मुक्त करने का निरंतर प्रयास किया गया।
  • हरियाणा में जल जीवन मिशन वर्ष 2019 में ही शुरू कर दिया गया था, उस समय प्रदेश में कुल 30.96 लाख कनेक्शनों में से 17.66 लाख कनेक्शन पहले ही प्रदान किये जा चुके थे। हरियाणा ने 1 नवंबर, 2021 को महेंद्रगढ़, पलवल, नूंह और जींद के अलावा अन्य 18 ज़िलों में नल कनेक्शन का 100 प्रतिशत कवरेज हासिल कर लिया था।
  • अब शेष 4 ज़िलों- महेंद्रगढ़, पलवल, नूँह तथा जींद में भी 1.41 लाख नल कनेक्शन प्रदान कर शत प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन देने का रिकॉर्ड बना लिया है।