हरियाणा पूरे देश में प्रॉपर्टी आईडी लागू करने वाला पहला राज्य | 03 Nov 2023

चर्चा में क्यों?

31 अक्तूबर, 2023 को हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने पत्रकारवार्ता में कहा कि हरियाणा पूरे देश में प्रॉपर्टी आईडी लागू करने वाला पहला राज्य है।

प्रमुख बिंदु

  • डॉ. कमल गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ‘क्रीएशन ऑफ न्यू प्रॉपर्टी-आईडी अंडर नॉर्मल एंड तत्काल स्कीम' की सराहना की और इसे अन्य राज्यों को अपनाने का सुझाव भी दिया।
  • डॉ. गुप्ता ने प्रॉपर्टी आईडी के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि लाल डोरे के अंदर आने वाली 34 लाख प्रॉपर्टीज़ को इंटिग्रेट कर नई प्रॉपर्टी आईडी में सम्मिलित किया गया और नई प्रॉपर्टी आईडी बनाई गई है। अब रजिस्ट्री ऑटोमेटिक प्रॉपर्टी आईडी डाटा में चढ़ाई जा सकती है।
  • उन्होंने कहा कि अब तक  2274 अनधिकृत कॉलोनियों में से 494 को अधिकृत कर दिया गया है तथा अन्य पर कार्य चल रहा है। 31 जनवरी, 2024 तक लगभग  850 कॉलोनियों को अधिकृत कर दिया जाएगा।
  • डॉ. गुप्ता ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत 31 दिसंबर, 2020 को 20 वर्ष पूरे होने वाले दुकानदारों को मालिकाना हक दिलाने का कार्य भी शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने किया है।
  • मंत्री ने बताया कि प्रॉपर्टी से संबंधित कोई भी सूचना एसएमएस के माध्यम से शहरी स्थानीय निकाय के नागरिकों को भेज सकते हैं।
  • डॉ. गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2023-24 के प्रॉपर्टी टैक्स की पूर्ण अदायगी करने पर सीमित समय के लिये छूट दी है, जो छूट 15 नवंबर, 2023 तक जारी रहेगी। अब प्रॉपर्टीधारक किसी भी प्रकार की त्रुटि के निवारण हेतु विभागीय पोर्टल पर स्वयं भी अपनी प्रॉपर्टी का डाटा सत्यापित कर सकते हैं।